जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सड़क किनारे खड़ी बाइक लेकर भाग गए शातिर चोर, डेढ़ावल चौकी पुलिस खोज रही CCTV फुटेज

चंदौली के डेढ़ावल में एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया है। ननिहाल से लौट रहे एक युवक की अचानक तबीयत खराब हुई, तो वह सड़क किनारे बाइक खड़ी कर लेट गया। इसी बीच कोई अज्ञात चोर उसकी बाइक उड़ा ले गया।

 
 

सड़क किनारे खड़ी बाइक चोरी

तबीयत खराब होने पर लेटा युवक

डेढ़ावल पुलिस चौकी के पास वारदात

पिता ने थाने में दी तहरीर

सीसीटीवी कैमरों से चोर की तलाश

चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत डेढ़ावल पुलिस चौकी के समीप एक बेहद अजीबोगरीब चोरी की घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक की तबीयत खराब होने और सड़क किनारे लेटने का फायदा उठाकर शातिर चोर उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।

अचानक बिगड़ी तबीयत और हो गई वारदात
जानकारी के अनुसार, जमुर्खा गांव निवासी श्यामलाल का छोटा पुत्र प्रमोद कुमार अपनी स्प्लेंडर बाइक (संख्या यूपी 67 एसी 8269) से अपने ननिहाल छोटी चंदौली गया हुआ था। बुधवार की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच जब वह वापस अपने घर लौट रहा था, तभी डेढ़ावल पुलिस चौकी से लगभग सौ मीटर पहले कमालपुर मार्ग पर अचानक उसके सिर में चक्कर आ गया। घबराहट और तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण उसने अपनी बाइक को सड़क किनारे स्टैंड पर खड़ा किया और खुद जमीन पर लेट गया। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर कोई अज्ञात चोर उसकी बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोर की तलाश
जब प्रमोद सुबह तक घर नहीं पहुंचा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह डेढ़ावल गांव के पास मिला और उसने अपने पिता को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने डेढ़ावल पुलिस चौकी में अज्ञात चोर के खिलाफ लिखित तहरीर दी।

चौकी प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि चोरी की तहरीर प्राप्त हो चुकी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क किनारे और आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*