जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

CISF जवान की ड्यूटी के दौरान मौत: असम में आया हार्ट अटैक, गांव में शव पहुंचते ही छाया मातम

चंदौली के धीना क्षेत्र निवासी सीआईएसएफ जवान राजेश कुमार गुप्ता का असम में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। शुक्रवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और नम आंखों से दमनपुरा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

 
 

असम में ड्यूटी पर सीआईएसएफ जवान का निधन

हार्ट अटैक से हुई 45 वर्षीय राजेश की मौत

गांव शव पहुँचते ही मचा रोना-बिलखना

दमनपुरा घाट पर हुआ राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार

मिलनसार स्वभाव के थे जवान राजेश गुप्ता

चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेयपुर मेढ़ा गांव निवासी सीआईएसएफ (CISF) जवान राजेश कुमार गुप्ता (45) का 19 अगस्त की सुबह ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। राजेश कुमार गुप्ता वर्तमान समय में असम के डिमलीगढ़ में सीआईएसएफ की कंपनी में तैनात थे। बुधवार की सुबह ड्यूटी निभाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें गंभीर हार्ट अटैक आ गया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई।

dhina-cisf-jawan-rajesh-gupta-heart-attack-death

गांव में शव पहुंचते ही मचा कोहराम
शुक्रवार की सुबह जब पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पांडेयपुर मेढ़ा पहुँचा, तो पूरा इलाका गमगीन हो गया। जवान का शव घर आते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। राजेश कमला प्रसाद गुप्ता के चार बेटों में तीसरे नंबर के पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी रीना गुप्ता, 16 साल का बेटा शुभम और 14 साल की बेटी लक्ष्मी गुप्ता हैं। पति और पिता का बेजान शरीर देखकर पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिससे वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

दमनपुरा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
हार्ट अटैक से जवान के निधन की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। इसके बाद पूरे सम्मान के साथ शव यात्रा निकाली गई। गांव के दमनपुरा घाट पर जवान का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ, जहाँ उनके भाई रामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने अश्रुपूरित आंखों से मुखाग्नि दी।

गांव ने खोया एक मिलनसार और व्यवहार कुशल साथी
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि राजेश कुमार गुप्ता बेहद व्यवहार कुशल, शांत और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। जब भी वे छुट्टी पर गांव आते थे, सबसे बड़े अपनत्व से मिलते थे। उनके इस तरह अचानक दुनिया से चले जाने से पूरे गांव में गहरा सदमा है और मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*