मिशन शक्ति अभियान के तहत बिछड़े दंपत्ति को फिर मिलाया, लौटाई घर की खुशियां
कानून व्यवस्था के साथ रिश्तों को भी किया मजबूत
मिशन शक्ति केंद्र की बड़ी पहल से सुलझा पारिवारिक विवाद
एक साल से अलग रह रहे पति-पत्नी को फिर मिलाया गया
चंदौली जिले में पुलिस जहां कानून व्यवस्था को सख्ती से बनाए रखने के लिए जानी जाती है, वहीं अब उसका एक संवेदनशील चेहरा भी सामने आ रहा है। थाना धीना पुलिस और मिशन शक्ति केंद्र की पहल से एक बिछड़ा दंपत्ति फिर से एक हो गया। पुलिस की समझदारी, संवाद और संवेदना ने एक टूटते हुए रिश्ते को फिर से जोड़ दिया।
आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिलेभर में “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना धीना के मिशन शक्ति केंद्र पर पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, पति और पत्नी के बीच बीते कई महीनों से आपसी मनमुटाव चल रहा था, जिसके चलते दोनों अलग रह रहे थे। महिला पक्ष ने थाना धीना में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को नोटिस और मोबाइल के माध्यम से बुलाया।
थाने पर मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों को बैठाकर शांतिपूर्वक बातचीत कराई। इस दौरान पुलिस ने दोनों को समझाया कि हर परिवार में मतभेद होते हैं, लेकिन समाधान संवाद से ही निकलता है। पारिवारिक मूल्यों और आपसी सम्मान की अहमियत समझाते हुए अधिकारियों ने उन्हें एक-दूसरे के प्रति विश्वास और सहानुभूति रखने की सलाह दी।
लगातार प्रयास और बातचीत के बाद आखिरकार दोनों पक्ष बिना किसी दबाव के अपनी पुरानी गलतियों को स्वीकारते हुए नई शुरुआत करने पर सहमत हो गए। पति-पत्नी ने पुलिस के समक्ष एक-दूसरे का सम्मान करने और साथ रहने का वचन दिया।
थाना धीना और मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों को खुशी-खुशी परिजनों के साथ घर भेजा। पुलिस के इस प्रयास से न केवल एक परिवार फिर से जुड़ा, बल्कि समाज में यह संदेश भी गया कि पुलिस केवल सख्त नहीं, बल्कि संवेदनशील भी है। मिशन शक्ति अभियान के इस प्रयास ने यह साबित कर दिया है कि यदि संवेदना और संवाद हो तो न सिर्फ अपराध, बल्कि टूटते रिश्ते भी सुधारे जा सकते हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







