गोली चलाने वाले को अब तक पकड़ नहीं पायी है पुलिस, फायरिंग के बाद से ही आरोपी फरार
गोबर रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पहले मारपीट और फिर फायरिंग करके भाग निकला है आरोपी
3 नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस करेगी कार्रवाई
चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव में मंगलवार की शाम गोबर रखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और फायरिंग तक की नौबत आ गई। घटना में एक वृद्ध और एक युवक घायल हो गए। गोली लगने से घायल वृद्ध को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, कम्हरिया गांव निवासी मनोज सिंह के घर के पीछे बीनू सिंह का खेत है, जिसमें वह गोबर रखते हैं। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। मंगलवार की शाम जब मनोज सिंह के दरवाजे के पास गोबर रखा गया तो विवाद और गहरा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।
इसी दौरान आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। इसमें 74 वर्षीय शम्भू सिंह के हाथ की अंगुली में गोली लग गई, जबकि मारपीट में उनका पुत्र यश भी घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी प्रियंका सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन नामजद और चार अज्ञात समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गोबर रखने की दुर्गंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







