धीना रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का टोटा: न पानी, न शौचालय, झाड़ियों में उतरने को मजबूर यात्री
चंदौली के धीना रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का भारी अभाव है। पीने का पानी, शौचालय और रोशनी न होने के साथ-साथ छोटा प्लेटफार्म यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहा है। 50 गांवों के लोग रोज इस समस्या से जूझ रहे हैं।
धीना स्टेशन पर पानी शौचालय का टोटा
छोटे प्लेटफार्म से झाड़ियों में उतरते यात्री
रोज 1800 रेल यात्रियों की आवाजाही
पंजाब मेल और फरक्का एक्सप्रेस का ठहराव
50 गांवों के लोगों की बढ़ी परेशानी
चंदौली जिले का धीना रेलवे स्टेशन बदहाली के आंसू बहा रहा है। करीब 1860 में बने मुगलसराय-पटना रेललाइन के इस स्टेशन पर यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं तक मौजूद नहीं हैं। स्टेशन पर न तो पीने के लिए साफ पानी का इंतजाम है और न ही शौचालय की कोई व्यवस्था। इसके अलावा रात के समय पर्याप्त लाइट न होने के कारण पूरे स्टेशन पर अंधेरा छाया रहता है, जिससे यात्रियों को काफी डर और परेशानी का सामना करना पड़ता है।
छोटे प्लेटफार्म से झाड़ियों में उतरने को मजबूर यात्री
धीना स्टेशन पर पंजाब मेल और फरक्का एक्सप्रेस जैसी बड़ी और महत्वपूर्ण ट्रेनों का भी ठहराव होता है। लेकिन यहां का प्लेटफार्म बहुत छोटा है, जिसकी वजह से ट्रेन रुकने पर लगभग छह बोगियां प्लेटफार्म से बाहर खड़ी होती हैं। ऐसे में इन डिब्बों से उतरने वाले यात्रियों को सीधे खेत, सिवान और कंटीली झाड़ियों में उतरना पड़ता है। रात के वक्त झाड़ियों के बीच से निकलने में यात्रियों के चोटिल होने का खतरा लगातार बना रहता है।
आसपास के 50 गांवों का प्रमुख केंद्र है यह स्टेशन
स्थानीय निवासी राजेंद्र प्रसाद, दरोगा राय, मुलायम यादव, राहुल कुमार और मोहन राय का कहना है कि यह स्टेशन आसपास के करीब 50 गांवों के लोगों के लिए आवागमन का मुख्य साधन है। हर दिन इस स्टेशन से 1200 से 1800 यात्री सफर करते हैं और रोजाना लगभग नौ हजार रुपये के टिकटों की बिक्री होती है। इसके बावजूद यात्रियों की सहूलियत पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शाम होते ही प्लेटफार्म पर बाहरी लोग सो जाते हैं, जिससे देर रात आने वाले यात्रियों को बैठने की जगह तक नहीं मिलती।
विभागीय अफसरों ने फंड मिलने पर काम कराने का दिया आश्वासन
धीना स्टेशन पर बनी इस गंभीर समस्या को लेकर स्टेशन मास्टर जाकिर हुसैन का कहना है कि सुविधाओं की कमी के बारे में उच्च अधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है। वहीं, आईओडब्ल्यू महेंद्र कुमार रजत ने बताया कि विभाग को पूरी स्थिति से अवगत करा दिया गया है। जैसे ही बजट और धन उपलब्ध होगा, स्टेशन पर प्लेटफार्म विस्तार और अन्य जरूरी यात्री सुविधाओं का काम जल्द शुरू कराया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







