जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

धीना रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर युवक की मौत; ट्रैक के पास लावारिस मिली स्प्लेंडर बाइक, शिनाख्त में जुटी पुलिस

चन्दौली के धीना थाना क्षेत्र में पटना-मुगलसराय रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस को ट्रैक के पास से एक लावारिस बाइक मिली है।

 
 

ट्रेन से कटकर युवक की मौत

धीना रेलवे स्टेशन के पास हादसा

मौके से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई

क्षत-विक्षत शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस कर रही मृतक की शिनाख्त

चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ धीना रेलवे स्टेशन से पश्चिम की तरफ पटना–मुगलसराय रेलखंड पर बीती रात ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। सूचना मिलते ही धीना थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँच गई।

काफी दूर तक घिसटता चला गया युवक
धीना के थानाध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि यह हादसा देर रात का है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक का शव रेलवे ट्रैक पर कई हिस्सों में बिखर गया। पोल संख्या 727/11 से 18 के बीच दूर-दूर तक शव के अंग पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन की चपेट में आने के बाद युवक काफी दूर तक घिसटता चला गया था, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए।

लावारिस हालत में मिली स्प्लेंडर बाइक
पुलिस को घटनास्थल के पास से ही एक पुरानी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में खड़ी मिली है, जिसका नंबर UP 67 A 2599 है। फिलहाल पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को समेटकर कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर और आस-पास के गांवों में मृतक की पहचान (शिनाख्त) कराने की कोशिश कर रही है। शिनाख्त होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*