अगहर वीर बहुरिया नदी में डूबे सुनील का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, PAC की टीम का सर्च अभियान, परिजनों को 5 लाख की सहायता का आश्वासन
चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में शौच के दौरान नदी में डूबे 28 वर्षीय युवक सुनील राम का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं लग सका है। रामनगर पीएसी की 8 सदस्यीय टीम नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही है।
धीना के रैथा गांव में हादसा
नदी में डूबा 28 वर्षीय सुनील
24 घंटे बाद भी तलाश जारी
रामनगर पीएसी चला रही सर्च अभियान
परिजनों को आपदा राहत देने का आश्वासन
चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे रैथा गांव के रहने वाले 28 वर्षीय सुनील राम शौच के लिए अगहर वीर बहुरिया नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे नदी की तेज धारा व गहरे पानी में समा गए। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी युवक का कोई अता-पता नहीं चल सका है, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

ग्रामीणों और पुलिस के बाद पीएसी ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण तुरंत नदी की तरफ दौड़े और अपने स्तर पर युवक की खोजबीन शुरू की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया। युवक का सुराग न मिलने पर शुक्रवार सुबह सात बजे से पीएसी (PAC) की 36वीं वाहिनी रामनगर की आठ सदस्यीय टीम को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। इस टीम में एक एसआई, एक हेड कांस्टेबल और छह कांस्टेबल शामिल हैं, जो स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी के हर हिस्से में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, परिजनों को दिया दिलासा
घटना की सूचना पर तहसीलदार अनुराग कुमार सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल रविशंकर राय और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिलशेर अहमद भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। इस मुश्किल समय में पूरे गांव के लोग दुखी परिजनों के साथ खड़े हैं। थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस और पीएसी के जवान हरसंभव प्रयास कर युवक की तलाश कर रहे हैं।
आपदा राहत के तहत 5 लाख रुपये की सहायता की प्रक्रिया
प्रशासन की ओर से परिजनों की आर्थिक मदद की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। तहसीलदार अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यदि युवक का शव बरामद होता है, तो नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत चार लाख रुपये और कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत एक लाख रुपये (कुल 5 लाख रुपये) की सहायता राशि दिलाने के लिए आगे की कागजी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







