बारिश में फिर फैलने लगी हैं बीमारियां, मठियां गांव में डायरिया से 18 लोग बीमार
गांव में डायरिया का कहर से 18 से अधिक लोग बीमार
बच्चे और महिलाएं ज्यादा प्रभावित
गांव में दहशत का माहौल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने की मौके पर जांच
चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक के मठ उछाल गिरी (मठियां) गांव में डायरिया का संक्रमण फैलने से हड़कंप मच गया है। गांव में अब तक 18 से अधिक लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बीमारों का इलाज शुरू किया और गंभीर रोगियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
तीन दिन से फैल रहा संक्रमण
गांव में पिछले दो-तीन दिनों से डायरिया के लक्षण देखे जा रहे थे, लेकिन मंगलवार शाम से अचानक मामले तेजी से बढ़े। बुधवार को स्थिति और बिगड़ गई जब कई और लोग बीमार पड़े। ग्रामीणों के अनुसार शुरुआत में मामूली उल्टी और दस्त की शिकायत थी, लेकिन देर रात तक आधा गांव बीमार हो गया।
संक्रमितों की सूची लंबी
बीमार लोगों में मेहरुन्निसा, रबीना, आजाद अली, मंजू गिरी, पूनम गिरी, दक्ष, कार्तिक, हिमांशु, अंजली, अंशुल, यश, हिना, आयुषी, ईशान, ज्योया और प्रेमा जैसे नाम प्रमुख हैं। इन्हें पहले प्राथमिक उपचार देकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धानापुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार है। हालांकि, धर्मेंद्र गिरी, सूरज गिरी, यश गिरी, हिना और प्रीति की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गंदगी बना कारण, गांव में पसरी बदहाली
संक्रामक रोग नियंत्रण टीम के प्रभारी डॉ. सौरभ जायसवाल ने बताया कि गांव में चारों ओर फैली गंदगी और साफ-सफाई की कमी ही संक्रमण का मुख्य कारण है। टीम ने ग्रामीणों को साफ पानी पीने, उबला हुआ पानी इस्तेमाल करने और साफ-सफाई रखने की सलाह दी है।
ब्लीचिंग पाउडर गायब, प्रशासन पर उठे सवाल
शासन से प्रत्येक ग्राम पंचायत को प्रतिवर्ष ₹10,000 पेयजल स्रोतों की सफाई और विसंक्रमण के लिए दिए जाते हैं, लेकिन अधिकांश गांवों में ब्लीचिंग पाउडर उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फंड का बंदरबांट हो रहा है, जबकि गांव में एक बार भी ब्लीचिंग नहीं डाली गई। लोगों ने इस मामले में पंचायत और स्वास्थ्य विभाग पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान, सचिव और सफाईकर्मी सक्रिय
स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम प्रधान, सचिव, आशा और सफाईकर्मियों को निर्देशित किया है कि गांव में फौरन सफाई अभियान चलाया जाए और पेयजल स्रोतों को क्लोरीन और ब्लीचिंग पाउडर से विसंक्रमित किया जाए।
इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. रमेश प्रसाद ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







