धीना इलाके में दर्दनाक हादसा: बाइक की टक्कर से एक की मौत, दो दोस्त गंभीर रुप से घायल
डिग्गी गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर
बाइक हादसे में अधेड़ की दर्दनाक मौत
दो युवक गंभीर रूप से घायल, वाराणसी रेफर
धीना-अमड़ा मार्ग पर देर रात हुआ हादसा
रिश्तेदारी से लौटते वक्त हुआ एक्सीडेंट
चंदौली जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धीना थाना क्षेत्र के डिग्गी गांव के पास धीना-अमड़ा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धीना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
मृतक की पहचान हुई
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वीरेंद्र राम (50) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल दो युवकों की पहचान गोलू (25) और सुमित (30) के रूप में हुई है। तीनों बाइक पर सवार थे और एक साथ सफर कर रहे थे। पुलिस ने तीनों को सबसे पहले बरहनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद वीरेंद्र राम को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दो घायलों की हालत नाजुक
हादसे में घायल गोलू और सुमित की हालत गंभीर थी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उनका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस उनके परिवार वालों से लगातार संपर्क में है।
रिश्तेदारी से लौटते वक्त हुआ हादसा
धीना थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि तीनों युवक धानापुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के रहने वाले हैं। वे अपने किसी रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर रात तीनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी डिग्गी गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अज्ञात वाहन चालक फरार
हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि वाहन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







