जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

धीना स्टेशन पर दोपहर को 'रेल ब्रेक', दोपहर में 5 घंटे के बीच नहीं रुकती एक भी ट्रेन

उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रेनों का ठहराव शासन स्तर का निर्णय है, और जब तक स्थानीय जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से इस विषय पर पैरवी नहीं करेंगे, तब तक ट्रेनों का ठहराव संभव नहीं हो पाएगा।
 

चंदौली जिले के धीना स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज

स्थानीय लोग बोले- लोकल लोगों को आने जाने में हो रही परेशानी

इन ट्रेनों को रोके जाने की हो रही है मांग

चंदौली जिले के धीना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को इन दिनों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक इस महत्वपूर्ण स्टेशन पर एक भी यात्री ट्रेन नहीं रुकती है, जिससे स्थानीय ग्रामीण, छात्र, व्यापारी और नौकरीपेशा लोगों की यात्रा करना मुश्किल हो गया है।

यह समयावधि यात्रियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि अधिकांश लोग इसी दौरान अपने काम से लौटते हैं या अन्य स्थानों, खासकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, के लिए रवाना होते हैं। ट्रेनों के ठहराव की कमी और स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव, दोनों मिलकर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों, जिनमें दरोगा राय, शैलेन्द्र कुमार, प्रणव राय और राजेंद्र, राहुल शामिल हैं, ने रेलवे प्रशासन से इस समस्या का तुरंत समाधान करने की मांग की है। उनकी प्रमुख मांग है कि श्रमजीवी एक्सप्रेस (12391/12392), सिकंदराबाद एक्सप्रेस (12791/12792) या ब्रह्मपुत्रा एक्सप्रेस (15657/15658) में से किसी एक ट्रेन का ठहराव धीना स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसा होने से यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेगा।

इस संबंध में, धीना स्टेशन मास्टर जाकिर हुसैन ने बताया कि यह मामला उनके स्तर का नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रेनों का ठहराव शासन स्तर का निर्णय है, और जब तक स्थानीय जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से इस विषय पर पैरवी नहीं करेंगे, तब तक ट्रेनों का ठहराव संभव नहीं हो पाएगा। अब देखना यह है कि जनप्रतिनिधि कब इस समस्या पर ध्यान देते हैं और यात्रियों को राहत मिलती है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*