बंद सचिवालय पर पंचायत सहायक का वेतन रोका, ग्राम प्रधान को नोटिस: डीपीआरओ ने किया निरीक्षण

डीपीआरओ ने धानापुर ब्लॉक की ग्राम पंचायतों का किया निरीक्षण
गिरेहूं में बंद मिला पंचायत सचिवालय
सहायक का वेतन रोका गया
ग्राम प्रधान को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस
पंचायत सहायकों में निरीक्षण के बाद मचा हड़कम्प
चंदौली जिले के जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा ने गुरुवार को धानापुर विकास खण्ड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत सचिवालय, सामुदायिक शौचालयों के साथ ही ओडीएफ ग्रामों में कराए गए विकास कार्यों को देखा।
उन्होंने गिरेहूं में पंचायत सचिवालय बंद मिलने पर पंचायत सहायक का वेतन रोक दिया। वहीं ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया। इससे पंचायत सहायकों में हड़कम्प मचा रहा।

डीपीआरओ ने धानापुर ग्राम पंचायत के कवलपुरा, धानापुर एवं गिरेहूं में पंचायत सचिवालय का संचालन व्यवस्था जांची। इस दौरान गिरेहूं में पंचायत सचिवालय बंद पाया गया। इसपर उन्होंने नाराजगी प्रकट किया। साथ ही वहां के पंचायत सहायक का एक दिन का वेतन अवरुद्ध कर दिया। वहीं ग्राम प्रधान को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने सामुदायिक शौचालय के साथ ही आरआरसी संचालन व्यवस्था भी देखी।
वहीं ओडीएफ प्लस मॉडल ग्रामों में कराए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इसमें पाई गई कमियों को मानक एवं डिजाइन के अनुसार किए जाने के लिए ग्राम प्रधान, सचिव एवं पंचायत सहायक को निर्देश दिया।
इस मौके पर उनके साथ जिला कंसलटेंट मनोज श्रीवास्तव और सहायक विकास अधिकारी पंचायत उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*