पूर्व सपा सांसद रामकिशुन यादव ने कैनाल का किया औचक निरीक्षण, पूर्व सांसद ने लिया जायजा
बलुआ पम्प कैनाल का आकस्मिक निरीक्षण
3 माह पूर्व चोरी के कारण पम्प कैनाल निष्क्रिय पड़ा था
किसानों की फसलें पम्पकर्मियों की लापरवाही के कारण बर्बाद हुईं
सांसद ने किसानों को हर सुख-दुख में सहयोग का भरोसा दिलाया
चन्दौली जिले के चहनियां क्षेत्र के बलुआ पम्प कैनाल का मंगलवार को पूर्व सपा सांसद रामकिशुन यादव ने आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने पम्प कैनाल की यथास्थिति का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी ली।
आपको बता दें कि तीन माह पूर्व कैनाल कर्मियों की निष्क्रियता के चलते चोरों ने कैनाल से बहुमूल्य उपकरण चुरा लिए थे। इसके अभाव में पम्प कैनाल पूरी तरह से काम नहीं कर पाया। गंगा में पानी के बढ़ाव के समय ही कभी-कभार पम्प चालू हो पाया, जिससे क्षेत्र के किसानों की फसलें प्रभावित हुईं।
पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कर्मियों ने उन्हें कैनाल की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों में लो वोल्टेज, बिजली खराब होने और खम्भे गिरने जैसी समस्याओं के कारण पम्प नियमित रूप से संचालित नहीं हो पाया।

रामकिशुन यादव ने सिचाई विभाग के मुख्य अभियंता से फोन पर बातचीत कर तत्काल प्रभाव से पम्प संचालन की व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की नहरें पुनः सही तरीके से चालू होंगी और उनकी फसलों को पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
पूर्व सांसद ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान पम्प कैनाल की छोटी क्षमता 25 क्यूसेक से बढ़ाकर 50 क्यूसेक की गई थी, जिससे क्षेत्र हराभरा हो गया था। उन्होंने वर्तमान सरकार पर नहरों की उपेक्षा और किसानों की समस्याओं के प्रति अनदेखी का आरोप लगाया।
इस मौके पर किसानों ने सांसद से सीधे अपने मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने उर्वरक की समस्या, पानी की कमी और बिजली की समस्या सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की चिंता जताई। सांसद ने किसानों को भरोसा दिया कि हर तरह की कठिनाई में वे उनके साथ हैं और उनके लिए संघर्ष जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान तुफानी यादव, मुन्ना मौर्या, अनिल सिंह, विनोद सिंह, मनोज मिश्रा, राहुल राज, दीपक यादव, रमाशकर यादव और शिवधनी निषाद सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







