जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

मरीज की मौत के बाद बिना डिग्री अस्पताल चलाने वाला फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार, इंद्रा अस्पताल का संचालक गया जेल

चंदौली के धानापुर में बिना डॉक्टरी डिग्री के इंद्रा अस्पताल चला रहे आरोपी इंद्रजीत प्रजापति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी द्वारा किए गए गलत ऑपरेशन के कारण लखईपुर निवासी सुमन की जान चली गई थी।

 

बिना डिग्री फर्जी डॉक्टर हुआ गिरफ्तार

गलत नस कटने से हुई महिला मौत

सीएमओ रिपोर्ट के बाद पुलिस कार्रवाई

मृतका के पिता ने दी तहरीर

आरोपी इंद्रजीत प्रजापति भेजा गया जेल

 चंदौली जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। धानापुर क्षेत्र में बिना किसी डॉक्टरी डिग्री और निर्धारित मानकों की अनदेखी कर अस्पताल चला रहे कथित फर्जी डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान इंद्रजीत प्रजापति पुत्र कमलेश प्रजापति के रूप में हुई है, जो महराईया गांव का निवासी है और धानापुर में इंद्रा अस्पताल का संचालन कर रहा था।

ऑपरेशन के दौरान कटी गलत नस, हुई मौत 
यह दर्दनाक मामला 19 सितंबर का है, जब लखईपुर गांव की रहने वाली सुमन इलाज के लिए धानापुर स्थित इंद्रा अस्पताल पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान आरोपी ने महिला की गलत नस काट दी, जिससे उसकी तबीयत बेहद बिगड़ गई। इसके बाद महिला की किडनी को भारी नुकसान पहुंचा और उसी रात इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

मृतका के पिता की शिकायत पर शुरू हुई जांच 
घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया। अगले दिन सुबह परिजन शव को लेकर धानापुर थाने पहुंचे और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मृतका के पिता चंद्रबली बिंद की लिखित तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

सीएमओ की रिपोर्ट के बाद आरोपी गिरफ्तार 
धानापुर पुलिस ने विवेचना के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंदौली की जांच रिपोर्ट को शामिल किया। सीएमओ की जांच में खुलासा हुआ कि अस्पताल का संचालन बिना मानकों के किया जा रहा था और संचालक के पास कोई चिकित्सकीय योग्यता नहीं थी। जांच में ऑपरेशन के दौरान गलत नस कटने से ही महिला की मौत की पुष्टि हुई।

इसके आधार पर धानापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इंद्रजीत प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*