जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सकलडीहा में भू-माफियाओं का बड़ा खेल: पैतृक जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का आरोप, बिना तहसील पहुंचे ही बिक गई जमीन

चंदौली के सकलडीहा तहसील में जमीन जालसाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूरा चेता दुबे गांव के पीड़ितों का आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति में फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री कर दी गई। मामले में पुलिस और रसूखदारों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

 
 

पूरा चेता दुबे गांव में फर्जी रजिस्ट्री का खुलासा

सलाउद्दीन और अरशद हुसैन की जमीन पर कब्जा

उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने दिए जांच के आदेश

धानापुर थाने के दरोगा पर भी लगे गंभीर आरोप

डेढ़ महीने से न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भू-माफियाओं के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपना रही है, लेकिन चंदौली जिले के सकलडीहा तहसील क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रजिस्ट्री कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धानापुर विकासखंड के पूरा चेता दुबे गांव में एक परिवार की पैतृक जमीन की रजिस्ट्री उनकी अनुपस्थिति में ही किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी तरीके से कर दी गई।

पीड़ितों का आरोप: रसूख और जालसाजी का मेल
घटना के पीड़ित सलाउद्दीन और अरशद हुसैन अंसारी (पुत्र स्वर्गीय शमसुद्दीन) ने बताया कि वे लंबे समय से बंगाल में रहते हैं। उनकी पैतृक जमीन पर गांव में खेती-बाड़ी होती है। पीड़ितों का आरोप है कि उनकी गैर-मौजूदगी में पूरा सीता मिश्र निवासी मनीष मिश्रा द्वारा, जो स्थानीय विधायक के करीबी बताए जा रहे हैं, फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। पीड़ितों का कहना है कि वे पिछले डेढ़ महीने से तहसील के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है।

पुलिस और तहसील प्रशासन की भूमिका पर सवाल
हैरानी की बात यह है कि बिना असली भू-स्वामियों के रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे यह प्रक्रिया कैसे संपन्न हो गई? पीड़ितों ने धानापुर थाने के एक दरोगा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मदद मांगने पर हल्का दरोगा ने उन्हें डांटकर भगा दिया। वहीं, गवाह मनीष मिश्रा ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने क्रेता-विक्रेता के कहने पर गवाही दी थी और वे भी निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।

अधिकारियों का रुख: जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सकलडीहा के उप जिलाधिकारी (SDM) कुंदन राज कपूर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना क्रेता-विक्रेता की भौतिक उपस्थिति के रजिस्ट्री संभव नहीं है। यदि ऐसा हुआ है, तो यह एक बड़ा अपराध है। उन्होंने जांच के आदेश देते हुए कहा कि संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है और जल्द ही इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया जाएगा। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*