प्रेम विवाह करने वाली सोनी की मौत, मायके वालों ने नहीं जलाने दी लाश
प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता की मौत पर बवाल
अंत्येष्टि से ठीक पहले मायके वालों ने रुकवा दी लाश
अब ससुराल वालों पर लगा रहे हैं दहेज प्रताड़ना का आरोप
चंदौली जिले की सकलडीहा थाना क्षेत्र के डेढ़गावा गांव में बुधवार को एक विवाहिता की मौत के बाद तब तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अंत्येष्टि के लिए शव ले जाते समय मृतका के मायके वालों ने पुलिस को सूचना देकर शव को रुकवा दिया। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सोनी (26 वर्ष) निवासी चिलबिली गांव का डेढ़गांवा गांव के प्रवीण उर्फ लालू से प्रेम विवाह हुआ था। मृतका के दो पुत्री और एक पुत्र भी हैं। बुधवार को रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री राजकीय अस्पताल में इलाज के दौरान सोनी की मौत हो गई थी।
मृतका की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही सोनी को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, और इसी प्रताड़ना के कारण उसकी मौत हुई है। मायके वालों ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है और बिना जांच पूरी हुए अंत्येष्टि करने से साफ इनकार कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थाना अध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि ससुराल पक्ष के परिजनों के अनुसार, मृतका पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई है।
फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जाँच कर रही है। थाना अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा, और रिपोर्ट के आधार पर ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







