बेवदा गांव में बंद घर में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग
फायर ब्रिगेड ने पहुँचकर आग पर किया नियंत्रण
परिवार को हुआ लाखों का नुकसान
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के बेवदा गांव में बीती रात अज्ञात कारणों से एक बंद घर में आग लग गई। यह घर जय प्रकाश शर्मा का है, जिसमें लगी आग से टीवी, पंखा, कूलर, सोफा बेड, आलमारी, सिलाई मशीन, कीमती कपड़े और गहने सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शरद गुप्ता के निर्देशन में पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया।

ग्रामीणों के अनुसार, आग लगते ही लोगों ने हैंडपंप और सबमर्सिबल से पानी निकालकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की मदद से लपटों पर नियंत्रण पाया जा सका। घटना की जानकारी पड़ोसियों ने जय प्रकाश की बेटी बेबी शर्मा को दी, जो शुक्रवार सुबह घर पहुंची तो घर का सारा सामान जल चुका था।

ग्रामीणों का कहना है कि जय प्रकाश पर गांव के एक मामले में आरोप है, जिसके चलते पूरा परिवार कई दिनों पहले गांव छोड़कर चला गया था और घर पर ताला बंद था। थाना प्रभारी ने बताया कि बंद घर में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, फिलहाल आग का कारण स्पष्ट नहीं है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







