बारिश से कच्चा मकान ढहा, परिवार के पांच लोग घायल
नौली गांव में तड़के घटी दर्दनाक घटना
कतवारू राम का कच्चा मकान भरभरा कर गिरा
सोते समय मलबे में दबे पांच लोग
ग्रामीणों की तत्परता से परिवार को बचाया गया
चंदौली जिले के धानापुर में शुक्रवार तड़के हुई तेज बारिश ने नौली गांव में एक गरीब परिवार पर कहर ढा दिया। बारिश के दौरान कतवारू राम का कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया, जिससे घर में सो रहे पांच लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर सभी को बाहर निकाला। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। मलबे में दबे कतवारू राम के पुत्र शैलेन्द्र कुमार (30) और उनकी पत्नी राजदेई देवी (62) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को धानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य तीन घायल बच्चों—शुभम (12), नेहा (11) और दिव्यांश (4)—को भी चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शी सुभाष राम ने बताया कि अचानक जोरदार आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो मकान पूरी तरह से ढहा हुआ था और परिवार मलबे में दबा था। तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि नौली गांव में आज भी आधा दर्जन परिवार कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। उन्हें अभी तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पक्का मकान मिला होता तो ऐसी घटना से बचा जा सकता था।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दे दिए गए हैं। पात्र परिवारों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में दर्ज कर उन्हें शीघ्र ही योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







