जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बहुत बड़े शातिर हैं बलुआ के द्वारा पकड़े गए दोनों गैंगस्टर, किन्नर को शादी का दे चुके हैं झांसा

विकास सिंह पर हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित पाँच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अभिषेक सिंह पर भी गैंगेस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन मामलों के मुकदमे लंबित हैं।
 

बलुआ थाना क्षेत्र के मारकानिया नहर के पास लूट और डकैती के भी आरोपी

बदमाशों की बलुआ पुलिस को थी तलाश

लग्जरी गाड़ी और महंगे फोन लेकर जिले में बना रहे थे भौकाल

पुलिस ने दोनों की फरारी के बाद लगाया था गैंगेस्टर एक्ट 

चंदौली जिले में अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बलुआ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट में वांछित दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से एक लग्जरी फॉर्च्यूनर गाड़ी और चार महंगे मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में गैंग का सरगना और उसका एक सक्रिय सदस्य शामिल है।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में बलुआ पुलिस की टीम ने 22 सितंबर को धीना बाजार से दोनों अभियुक्तों को धर दबोचा।

आपराधिक इतिहास और चौंकाने वाले खुलासे
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विकास सिंह (गैंग लीडर) और अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू (सक्रिय सदस्य) के रूप में हुई है, जो बलुआ थाना क्षेत्र के सराय गांव के निवासी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विकास सिंह पर हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित पाँच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अभिषेक सिंह पर भी गैंगेस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन मामलों के मुकदमे लंबित हैं।

सूत्रों के मुताबिक, कुछ महीने पहले विकास सिंह ने डेरवा गांव के निवासी अभिषेक सिंह के साथ मारपीट की थी और उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी में तोड़फोड़ की थी। वहीं, एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि अभिषेक उर्फ टिंकू के खिलाफ खुशबू किन्नर ने बलुआ थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था। किन्नर ने आरोप लगाया था कि अभिषेक ने उससे शादी का झांसा देकर धोखा दिया और पाँच लाख रुपये के गहने व एक लाख रुपये नगदी लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक फार्च्यूनर वाहन (MH48BH1000), आईफोन 15 प्रो (सिल्वर), आईफोन 14 प्लस (ब्लैक), सैमसंग एस-24 (ब्लैक) और सैमसंग ए-33 (सिल्वर) बरामद किए हैं।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान, हेड कांस्टेबल जलभरत यादव, हेड कांस्टेबल दीपचंद गिरी और कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा शामिल रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*