ग्राम चौपाल में जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, खंड विकास अधिकारी ने की निरीक्षण
चहनियां ब्लॉक मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को ग्राम चौपाल
खंड विकास अधिकारी राजेश नायक रहे मौजूद
अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने पर जोर
चंदौली जिले के चहनियां ब्लॉक मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी राजेश नायक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और चौपाल में लगे विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। साथ ही, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें जरूरी सामग्री वितरित की गई।

खंड विकास अधिकारी राजेश नायक ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, शौचालय निर्माण, राशन कार्ड, पेंशन योजनाएं, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जैसे लाभों को पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना ही ग्राम चौपाल का उद्देश्य है। उन्होंने पंचायत सचिवों और सहायकों को निर्देशित किया कि वे पंचायत भवन पर नियमित रूप से उपस्थित रहकर सभी जरूरी दस्तावेज और योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दें।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वयं भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पंचायत भवन, जनसेवा केंद्र या मोबाइल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सभी पात्र परिवारों को जल्द से जल्द आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए तेजी से सर्वे किया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों को जागरूक करते हुए उन्होंने अपील की कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में लापरवाही न करें और दस्तावेज पूर्ण रखें।
ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों – स्वास्थ्य, पशुपालन, बाल विकास, समाज कल्याण, लघु सिंचाई, श्रम विभाग, आजीविका मिशन इत्यादि – ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी मुदस्सर अली, ग्राम पंचायत अधिकारी आनंद यादव, आशुतोष कुमार सिंह, सौरभ सिंह (समाज कल्याण विभाग), एकाउंटेंट जितेंद्र कुमार, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर लालिमा पांडेय और नीति आयोग फेलो शिवांगी सिंह सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







