सकलडीहा के उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर को हिंदू युवा वाहिनी संघ ने किया सम्मानित
हिंदू युवा वाहिनी संघ ने किया सम्मान
सकलडीहा उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर का सम्मान
जनहित में किए गए कई प्रयासों के लिए दिया सम्मान
चंदौली जिले के सकलडीहा तहसील में गुरुवार को हिंदू युवा वाहिनी संघ के प्रदेश महामंत्री दिंगबर पांडेय के नेतृत्व में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तहसील के उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों और जनहित में किए गए प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी को जिले में शिकायतों के त्वरित निस्तारण में अव्वल स्थान प्राप्त करने और प्रदेश स्तर पर 25वां स्थान हासिल करने के लिए भगवान श्रीराम की स्मृति स्वरूप एक चित्र और भगवा अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं। यह सम्मान उनके द्वारा तहसील क्षेत्र में पारदर्शी, संवेदनशील और प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली को मान्यता देने के रूप में प्रदान किया गया।
हिंदू युवा वाहिनी संघ ने उपजिलाधिकारी द्वारा क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कुंदन राज कपूर ने जनसमस्याओं के समाधान में तत्परता दिखाई है, जिससे आम जनता का प्रशासन पर विश्वास बढ़ा है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिसमें विशेष रूप से गांवों में घूम रहे आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने की मांग उठाई गई। संगठन ने यह भी कहा कि इस पहल से गौ-तस्करी पर रोक लगेगी और किसानों की फसलें सुरक्षित रहेंगी।

समारोह में संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जिला अध्यक्ष मृत्युंजय त्रिपाठी, कार्यकारिणी अध्यक्ष कृष्णकांत चौहान, जिला महासचिव सूर्या दुबे, सकलडीहा विधानसभा प्रभारी संजय मौर्य, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद लाल, ब्लॉक महामंत्री किसन गुप्ता एवं रितेश जायसवाल, धानापुर ब्लॉक अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय, उपाध्यक्ष अभिषेक राम, शहाबगंज ब्लॉक उपाध्यक्ष सूरज सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन ने उपजिलाधिकारी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वे इसी तरह जनहित में कार्य करते रहेंगे और प्रशासन को आम जनता के और करीब लाएंगे। यह सम्मान समारोह न केवल प्रशासनिक कार्यों की सराहना का प्रतीक बना, बल्कि क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दिशा में संवाद और सहयोग का एक सकारात्मक मंच भी सिद्ध हुआ।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







