बलुआ में गंगा किनारे रात के अंधेरे में हो रहा अवैध बालू खनन, DM साहब से एक्शन की मांग, पुलिस चौकी का रोल संदिग्ध
चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित जमालपुर महमदपुर में गंगा किनारे रात में अवैध बालू खनन का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्रामीण ने डीएम को पत्र लिखकर कार्रवाई और पुलिस की भूमिका की जांच मांगी है।
गंगा किनारे रात में हो रहा अवैध खनन
पीड़ित ग्रामीण ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र
लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली से निकाली जा रही बालू
नदी की धारा से छेड़छाड़ से कटान का खतरा
मारूफपुर चौकी पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
चंदौली जिले के बलुआ थाना अंतर्गत मारूफपुर चौकी क्षेत्र के जमालपुर महमदपुर गांव के पास गंगा नदी के किनारे रात के अंधेरे में चोरी-छिपे अवैध बालू और मिट्टी खनन का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर गांव के निवासी जवाहर लाल (पुत्र स्वर्गीय अमरदेव सिंह) ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर अवैध खनन को तत्काल बंद कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

नदी की धारा से छेड़छाड़ के बाद गांव के अस्तित्व पर मंडराया संकट
पीड़ित जवाहर लाल ने अपने पत्र में बताया है कि उनका गांव जमालपुर महमदपुर ठीक गंगा नदी के तट से सटा हुआ है। नदी किनारे बसे होने के कारण गांव में पहले से ही बाढ़ और भूमि कटान का गंभीर खतरा बना रहता है। हर साल गंगा का जलस्तर बढ़ने पर किसानों की उपजाऊ जमीन और रिहायशी इलाकों को भारी नुकसान होने की आशंका रहती है। ऐसे में नदी के तट पर अवैध खनन होने से प्राकृतिक धारा प्रभावित हो रही है, जिससे कटान का खतरा कई गुना बढ़ गया है और पूरे गांव के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से रातभर ढोई जा रही है बालू
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव के ही विकास यादव, इदल यादव उर्फ बिट्टू और चन्द्रमा यादव उर्फ छोटू (पुत्र हरिद्वार यादव) द्वारा रात के अंधेरे में गंगा किनारे बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया जा रहा है। आरोप है कि ये लोग अपने निजी रैपर, एक ट्रैक्टर में बालू उठाने वाला लोडर लगाकर और निजी ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से नदी से बालू निकालकर उसका अवैध रूप से परिवहन और बिक्री कर रहे हैं। इसका सीधा असर पीड़ित के नदी किनारे स्थित खेतों की सुरक्षा पर पड़ रहा है।
रोकने की कोशिश करने वाले दीवान का तबादला
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार खनन रोकने का प्रयास किया और मारूफपुर चौकी पर तैनात एक दीवान जी को भी इसकी सूचना दी थी। दीवान जी ने खनन रोकने की कोशिश भी की, लेकिन कुछ ही समय बाद उनका तबादला मारूफपुर चौकी से महुअर कला चौकी कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि इससे स्थानीय स्तर पर कार्रवाई की उम्मीद खत्म हो गई है। उन्होंने मारूफपुर चौकी प्रभारी की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
संयुक्त टीम गठित कर वाहन जब्त कराने की मांग
ग्रामीण जवाहर लाल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि रात में हो रहे इस अवैध खनन की हकीकत जानने के लिए राजस्व, खनन विभाग और पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की जाए। साथ ही मौके से खनन में लगे वाहनों और मशीनों को जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी जांच हो, ताकि गांव और किसानों की जमीन को कटान से बचाया जा सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







