कमालपुर के युवा ग्राम प्रधान सुदामा जायसवाल का निधन, नरौली गंगा घाट पर दी गई विदाई, अंतिम सफर में उमड़ा जनसैलाब
धानापुर ब्लॉक के कमालपुर गांव के लोकप्रिय और युवा ग्राम प्रधान सुदामा जायसवाल का 40 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने से पूरे क्षेत्र में मातम है। नरौली घाट पर हुए अंतिम संस्कार में दिग्गजों सहित भारी भीड़ उमड़ी। पूरी खबर पढ़ें।
कमालपुर के युवा प्रधान सुदामा जायसवाल का निधन
वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल में चल रहा था इलाज
लीवर में सूजन और इंफेक्शन बनी मौत की वजह
नरौली गंगा घाट पर किया गया अंतिम संस्कार
परिवार में रोती-बिलखती पत्नी और दो मासूम बच्चे
चंदौली जिले के धानापुर विकास खंड क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। कमालपुर गांव के बेहद लोकप्रिय और ऊर्जावान ग्राम प्रधान सुदामा जायसवाल का मंगलवार दोपहर वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह महज 40 वर्ष के थे। इतनी कम उम्र में उनके अचानक चले जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके लीवर में गंभीर सूजन और संक्रमण (इंफेक्शन) की शिकायत थी।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, सुदामा जायसवाल की तबीयत करीब 10 से 15 दिन पहले खराब हुई थी। शुरुआत में स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद वे ठीक होकर घर लौट आए थे। लेकिन अचानक फिर से तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पास के शिवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ओमप्रकाश गुप्ता ने उन्हें तुरंत वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके पीछे परिवार में पत्नी, एक 12 साल की बेटी और एक 10 साल का बेटा है।

जनता के दिलों पर करते थे राज
सुदामा जायसवाल अपने मिलनसार और मददगार स्वभाव के कारण न सिर्फ अपनी ग्राम सभा, बल्कि पूरे धानापुर क्षेत्र में लोगों के दिलों पर राज करते थे। ग्रामीणों ने बताया कि अपने 5 साल के कार्यकाल में उन्होंने गांव के विकास के लिए दिन-रात एक कर रखा था। वे गांव को और बेहतर बनाने की कई योजनाओं पर काम कर रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
नरौली गंगा घाट पर उमड़ा जनसैलाब
बुधवार सुबह हिंदू रीति-रिवाज के साथ नरौली स्थित गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक प्रधान के बड़े भाई श्याम जायसवाल ने उन्हें मुखाग्नि दी। अपने प्रिय प्रधान को अंतिम विदाई देने के लिए गंगा घाट पर भारी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि अन्नू सिंह, मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी, सतीश मौर्य, प्रधान रामजी कुशवाहा, पत्रकार नीरज अग्रहरी, प्रधान कमलेश गुप्ता, पत्रकार सतेंद्र यादव, जलील अंसारी और लालमनी पाल समेत क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग नम आंखों से मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








