जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ARTO साहब! कभी कमालपुर भी आइए; बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों से बेरोकटोक जारी है अवैध मिट्टी खनन

चंदौली के कमालपुर और अवही चौकी क्षेत्र में रात से सुबह तक अवैध मिट्टी खनन का खेल चल रहा है। कृषि नंबर वाले ट्रैक्टरों पर बिना नंबर प्लेट और नाबालिग चालकों द्वारा दौड़ाई जा रही तेज रफ्तार से ग्रामीण दहशत में हैं।

 
 

कमालपुर इलाके में बेरोकटोक अवैध खनन

रात 9 से सुबह 9 बजे तक खनन का खेल

कृषि कार्य वाले ट्रैक्टरों का व्यावसायिक उपयोग

बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे वाहन

धीना थाना प्रभारी को मामले की खबर नहीं

चंदौली जिले के कमालपुर और अवही पुलिस चौकी क्षेत्रों में इन दिनों अवैध मिट्टी खनन का कार्य बेरोकटोक जारी है। स्थानीय ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि हर दिन रात को 9 बजे से लेकर अगले दिन सुबह 9 बजे तक मिट्टी से लदे दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़कों पर लगातार दौड़ते रहते हैं। इस अनियंत्रित परिवहन के कारण स्थानीय आम राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिला प्रशासन मौन है।

kamalpur-illegal-soil-mining-arto-checking-demand-news

कृषि कार्य के नाम पर कमर्शियल खेल, नाबालिगों के हाथ में स्टेयरिंग
ग्रामीणों के अनुसार, खनन के इस अवैध कारोबार में लगे कई ट्रैक्टरों पर केवल "कृषि कार्य हेतु" लिखा हुआ है, जबकि नियमों को ताक पर रखकर उनका खुलेआम व्यावसायिक रूप से मिट्टी ढुलाई में उपयोग किया जा रहा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि ये अधिकांश वाहन बिना किसी नंबर प्लेट के सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। कुछ मामलों में तो नाबालिग चालक भी इन भारी-भरकम ट्रैक्टरों को चलाते हुए देखे जा रहे हैं।

एआरटीओ से कार्रवाई की गुहार
स्थानीय लोग सड़कों पर तेज गति से दौड़ रहे इन मिट्टी लदे ट्रैक्टरों की वजह से बेहद डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह लापरवाही कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। क्षेत्र के ओंकार नाथ, रविंद्र सिंह, वीरेंद्र यादव, जयंत यादव और प्रवीण राय सहित अन्य लोगों ने एआरटीओ चंदौली से अपील की है कि वे केवल नेशनल हाईवे और जिला मुख्यालय के पास चेकिंग करने के बजाय कमालपुर इलाके में भी आकर इन वाहनों की जांच करें।

धीना थाना प्रभारी बोले- मामला संज्ञान में नहीं
इस पूरे मामले और ग्रामीणों की शिकायतों को लेकर जब धीना थाना प्रभारी से बात की गई, तो उन्होंने साफ कहा कि यह पूरा मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं है। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि वे जल्द ही इस संबंध में पूरी जानकारी जुटाएंगे और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई का पूरा प्रयास करेंगे। दूसरी तरफ, ग्रामीणों का दावा है कि इस पूरे अवैध धंधे के बारे में स्थानीय खनन विभाग को भी कोई भनक नहीं है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*