धानापुर के कांधरपुर में होली की रात खूनी संघर्ष: दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, आधा दर्जन से अधिक घायल, एक वाराणसी रेफर
चंदौली के कांधरपुर गांव में होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। मारपीट में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि भीम आर्मी ने पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप लगाया है।
धानापुर थाना क्षेत्र के कांधरपुर में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प
शराब पीकर गाली-गलौज करने के विरोध पर भड़की आग
गंभीर रूप से घायल मोहित विश्वकर्मा वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर
भीम आर्मी और बामसेफ ने मामले में हस्तक्षेप की दी चेतावनी
गांव में शांति व्यवस्था के लिए तैनात किया गया भारी पुलिस बल
चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांधरपुर गांव में बुधवार की रात होली के त्योहार के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। शराब के नशे में गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस घटना में दोनों पक्षों के लगभग 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
शराब के नशे में गाली-गलौज से उपजा विवाद
घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत शराब पीकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने से हुई। एक पक्ष के रोहित विश्वकर्मा का आरोप है कि गांव के ही तीन युवक उनके घर के बाहर नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। जब उन्हें टोका गया, तो वे वहां से चले गए लेकिन कुछ ही देर बाद एक बड़ी भीड़ के साथ वापस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष की कुसुम देवी ने इस पूरे मामले को दूसरा मोड़ देते हुए छेड़खानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की गई।
एक की हालत बेहद नाजुक
मारपीट के दौरान विश्वकर्मा पक्ष से श्यामलाल (60), बाबूलाल (55) और मोहित (28) को गंभीर चोटें आई हैं। मोहित विश्वकर्मा के सिर में गहरी चोट लगने के कारण उन्हें जिला अस्पताल चंदौली से वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
वहीं दूसरे पक्ष से दीपक सिंह, प्रदीप शर्मा, राहुल सेठ, सतीश खरवार, धर्मवीर शर्मा और अश्विनी मौर्या भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
राजनेताओं ने पुलिस पर दागे कई सवाल
इस विवाद ने अब राजनीतिक और सामाजिक रंग भी ले लिया है। पीड़ित पक्ष के बाबूलाल शर्मा का संपर्क भीम आर्मी प्रमुख चन्द्रशेखर आज़ाद से बताया जा रहा है। रोहित शर्मा ने खुले तौर पर धानापुर पुलिस पर हीलाहवाली का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की सूचना भीम आर्मी और बामसेफ के नेतृत्व को दे दी गई है और यदि न्याय नहीं मिला, तो संगठन प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलेगा।
पुलिस की कार्रवाई के बाद भी गांव में तनाव
थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। गांव में तनावपूर्ण शांति को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
वर्तमान में कांधरपुर गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस और खुफिया विभाग की नजर स्थिति पर टिकी हुई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







