चंदौली में गो-तस्करों से कंदवा पुलिस की मुठभेड़: पीछा करने पर नहर में पलटी पिकअप, दबोचे 4 अंतर्राज्यीय तस्कर
चंदौली की कंदवा पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 10 गोवंशों को मुक्त कराते हुए 4 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने और भागने का प्रयास किया, जिसमें एक पिकअप अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई।
कंदवा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से पकड़े 10 गोवंश
बहेरा तिराहा और बकैड़ी चौराहे पर पुलिस की घेराबंदी
पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाकर भागने की कोशिश नाकाम
अनियंत्रित होकर नहर में पलटी तस्करों की पिकअप
बिहार ले जाए जा रहे थे वध हेतु गोवंश, 4 गिरफ्तार
चंदौली में गो-तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कंदवा पुलिस को आज दोहरी सफलता मिली। थानाध्यक्ष राजीव मल्ल के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम बहेरा तिराहा के पास चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप (UP65 QT 5747) आती दिखी। रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस के घेराबंदी करने पर भागने की कोशिश में पिकअप अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। मौके से पुलिस ने आकाश गौड़ और विशाल कुमार भारती को गिरफ्तार किया। वाहन से 05 गोवंश बरामद हुए।
दूसरी कार्रवाई: बकैड़ी चौराहे पर पुलिस घेराबंदी में दबोचे गए तस्कर
इसी क्रम में दूसरी टीम ने बकैड़ी चौराहे के पास एक अन्य पिकअप (UP65 JT 3964) को रुकने का इशारा किया। यहाँ भी तस्करों ने पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। सतर्क पुलिस टीम ने अपना बचाव करते हुए घेराबंदी की और 02 तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान कमलेश बिन्द और शैलेन्द्र बिन्द (निवासी गाजीपुर) के रूप में हुई। इस वाहन से भी 05 गोवंश (03 बैल, 02 गाय) बरामद किए गए।
पूछताछ में तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर अवैध रूप से वध हेतु बिहार ले जा रहे थे। उन्होंने यह भी माना कि पुलिस से बचने के लिए वे वाहनों को अत्यधिक तेज गति से चलाते हैं और पकड़े जाने की स्थिति में पुलिस टीम पर हमला करने या भागने का प्रयास करते हैं। आरोपी पहले भी इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
पुलिस ने चारों अभियुक्तों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (109(1), 325) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष राजीव मल्ल के साथ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक विजय कुमार राय, हेड कांस्टेबल बृजेश वर्मा, भरत सिंह और कांस्टेबल लक्ष्मण प्रसाद की मुख्य भूमिका रही। चंदौली पुलिस की इस मुस्तैदी की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







