जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सकलडीहा के खोर गांव में सड़क पर धान रोपकर किया विरोध, गुस्साए ग्रामीणों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

चंदौली के सकलडीहा स्थित खोर गांव में सालों से जारी जलभराव की समस्या पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परेशान लोगों ने अनोखा विरोध जताते हुए जलमग्न सड़क पर ही धान की रोपाई कर दी।

 
 

सकलडीहा के खोर गांव में सड़क बनी तालाब

जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर रोपा धान

स्कूली बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही हुई ठप

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार दी शिकायत

समाधान न होने पर दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

चंदौली जिले के सकलडीहा विकासखंड अंतर्गत खोर गांव में सालों से सड़क पर जमा पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। लगातार बारिश के बाद सड़क तालाब जैसी बन गई, जिससे लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया। इस गंभीर समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए ग्रामीणों ने एक अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने विरोध दर्ज कराते हुए पानी से भरी सड़क पर ही धान की रोपाई कर दी और प्रशासन को आईना दिखाया।

khor-villagers-protest-waterlogging-plant-paddy

बच्चों-बुजुर्गों का चलना हुआ दूभर
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही गांव की मुख्य सड़क पानी में डूब जाती है। इस वजह से स्कूली बच्चों, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पानी जमा होने से सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं और दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद कोई सुध लेने वाला नहीं है।

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हर साल बारिश में यही बदहाल स्थिति पैदा हो जाती है। जलनिकासी का सही इंतजाम न होने से गांव में गंदगी और बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से गुहार लगाई गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे पूरे गांव में गहरी नाराजगी है।

जल्द समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए और जलनिकासी की पक्की व्यवस्था की जाए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समाधान नहीं निकाला गया तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। 

इस प्रदर्शन के दौरान राजू सिंह, रामखेलावन राय, शिवकुमार राम, भारत, बैजनाथ राय, संतोष राय, रामनाथ राय, शिवपूजन राय, मदन राय, राघव प्रजापति, हीरालाल प्रजापति, पंकज प्रजापति, शिव बच्चन राय, शिव भजन, विश्वनाथ राय, संजीवनी राय और गुप्ता राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*