जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सकलडीहा की तहसीलदार डॉ. वंदना मिश्रा को सौंपा ज्ञापन, धान खरीद की कर दी शिकायत

अखिल भारतीय किसान सभा के शशिकांत राय ने कहा कि किसानों से कमीशन के रूप में क्रय केंद्र पर मानक से ज्यादा धान की तौल की जा रही है।
 

 धान खरीद में अनियमितता का मामला

10 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले होगा धरना

सेंटर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की शिकायत


 
चंदौली में भाकियू (टिकैत) के पदाधिकारियों ने गुरुवार को सकलडीहा की तहसीलदार डॉ. वंदना मिश्रा से मुलाकात की। लोगों ने क्रय केंद्रों पर धान खरीद में अनियमितता के मामले को उनके सामने रखा। उन्होंने चेताया कि 10 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों किसान गोकुलपुर के धान क्रय केंद्र पर धरना देंगे। उन्होंने कहा कि इस सेंटर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के मंडल प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी ने बताया कि सकलडीहा के गोकुलपुर में किसानों से उपज खरीदने के किए पीसीयू का क्रय केंद्र खोला गया है। परन्तु यहां के केंद्र प्रभारी के द्वारा किसानों की बजाय बिचौलियों से खरीद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर धान खरीद न होकर संबंधित एजेंसियों के कर्मचारी क्षेत्रों में जाकर कथित रूप से किसानों से औने पौने दाम पर धान खरीद रहे हैं। जिसे बाद में सरकारी क्रय केंद्र के गोदाम में रखवाया जा रहा है।

अखिल भारतीय किसान सभा के शशिकांत राय ने कहा कि किसानों से कमीशन के रूप में क्रय केंद्र पर मानक से ज्यादा धान की तौल की जा रही है। खराब मौसम को देखते हुए किसान भी मजबूरी में प्रभारियों की मनमानी के आगे बेबस दिख रहे है। उन्होंने कहा कि मानसून कभी भी बिगड़ सकता है। किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर ज्यादा पल्लेदारी और डस्टर चलाने के लिए डीजल की मांग की जा रही है।

इस दौरान छोटे लाल, खिचडू चौहान, सुरेंद्र यादव, हाकिम अंसारी, ओमबीर सिंह, छोटू यादव, राम लाल यादव, राजीव मैर्या, दशरथ राम, संदीप मौजूद रहे।
 

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*