भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप की मीटिंग, संगठन के जनक स्वर्गीय श्यामा प्रसाद को दी श्रद्धांजलि

किसान पंचायत में श्यामा प्रसाद को दी गई श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय चिंतन शिविर में भागीदारी का आह्वान
चंदौली से अधिकाधिक किसानों की भागीदारी जरूरी
चंदौली जिले के सकलडीहा में भारतीय किसान यूनियन टिकैत ( भारत का किसान संगठन) की मासिक पंचायत शुक्रवार को दोपहर 12 बजे सकलडीहा तहसील के पूर्वी छोर पर स्थित श्री राधा कृष्ण महिला महाविद्यालय, नागेपुर में आयोजित की गई। पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह ने की।

बताते चलें कि पंचायत की शुरुआत किसान संगठन के जनक स्वर्गीय श्यामा प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट के मौन से की गई। ज्ञात हो कि उनका निधन 25 मई 2025 को उनके निवास स्थान महडौरा में हुआ था। इस अवसर पर किसान यूनियन के पदाधिकारियों, किसानों और मजदूरों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम में वाराणसी मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी ने स्वर्गीय श्यामा प्रसाद के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे एक सरकारी कर्मचारी होते हुए भी किसानों के मसीहा स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत से प्रभावित होकर इलाहाबाद में भेंट के बाद चंदौली में यूनियन की नींव रखी और सेवानिवृत्ति के उपरांत संगठन की कमान संभाली।
पंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह ने कहा कि संगठन सदैव किसानों, मजदूरों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आपसी सहयोग और एकता पर बल दिया।
युवा जिलाध्यक्ष रंकज सिंह ने कहा कि इस वर्ष भी हरिद्वार में 16, 17 और 18 जून को राष्ट्रीय चिंतन शिविर एवं महापंचायत आयोजित की जा रही है, जिसमें जनपद चंदौली से अधिकाधिक किसानों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने हर की पौड़ी में होने वाली इस महापंचायत को संगठन की मजबूती का प्रतीक बताया।
सभा का संचालन राम अवतार सिंह ने किया। इस अवसर पर मनोज यादव, सुरेन्द्र यादव, लालजी यादव, दिनेश यादव, नरेश शिवबदन यादव, राजभर, नूतन सिंह, राजबहादुर सिंह, मुरली पाण्डेय सहित कई किसान मौजूद रहे।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*