जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

कोर्ट का स्टे-आर्डर पुलिस के ठेंगे पर, पुश्तैनी मकान तोड़कर कराया जा रहा निर्माण, महिला ने SP से लगाई न्याय की गुहार

चंदौली के परासी गांव में कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद पुश्तैनी मकान तोड़कर जबरन निर्माण कराया जा रहा है। पीड़ित महिला ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

 
 

कोर्ट के स्थगन आदेश की उड़ी धज्जियां

पुश्तैनी मकान तोड़कर हो रहा जबरन निर्माण

समाधान दिवस और चौकी में नहीं हुई सुनवाई

विरोध करने पर मिली जानमाल की धमकी

पीड़ित महिला ने एसपी से लगाई गुहार

चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत परासी गांव में जमीन विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां कोर्ट के स्टे ऑर्डर के बावजूद पुश्तैनी मकान को तोड़कर जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित महिला ने अब पुलिस अधीक्षक के दरबार में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने दबंग विपक्षियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने की मांग की है।


अपर आयुक्त न्यायालय के आदेश की हो रही खुलेआम अवहेलना
परासी गांव निवासी समलावती देवी पत्नी कमला गिरी ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में अपनी पीड़ा बताई है। उनका कहना है कि गांव में स्थित उनका पुश्तैनी मकान गाटा संख्या 150 की जमीन का हिस्सा है। इस संपत्ति को लेकर अपर आयुक्त प्रशासन, वाराणसी मंडल के न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है, जहां से बकायदा स्थगन आदेश जारी किया गया है। 

पीड़िता का आरोप है कि उनके पट्टीदार ओमकार गिरी और आनंद गिरी कोर्ट के इस आदेश की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं और जमीन की नवैयत बदलने के इरादे से मकान तोड़कर निर्माण करा रहे हैं।

land-dispute-illegal-construction-stay-order-sp-appeal

समाधान दिवस और चौकी के चक्कर काटने के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
पीड़ित महिला का आरोप है कि अवैध निर्माण को रुकवाने के लिए उन्होंने कई बार स्थानीय पुलिस चौकी और थाने में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि थाना स्तर पर आयोजित समाधान दिवस और मोहरगंज चौकी पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, मगर वहां भी उनकी फरियाद अनसुनी कर दी गई। उल्टे उन्हें ही परेशान किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस की इसी उदासीनता का फायदा उठाकर विपक्षियों ने बीते 20 और 22 नवंबर को भी दिन-रात निर्माण कार्य जारी रखा।


विरोध करने पर गाली-गलौज और जानमाल की धमकी देने का आरोप
समलावती देवी ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि जब वह अपनी पुश्तैनी संपत्ति पर हो रहे निर्माण का विरोध करती हैं, तो विपक्षी आक्रामक हो जाते हैं। आरोप है कि दबंगई के बल पर निर्माण करा रहे लोग उनके साथ अभद्रता और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए जानमाल की धमकी देते हैं। इससे महिला और उनका परिवार काफी डरा हुआ है। 

पीड़िता का यह भी कहना है कि फर्जी तरीके से उनके हिस्से की जमीन की वसीयत करा ली गई है, और यह पूरा विवाद सिविल जज (सीनियर डिवीजन), चंदौली की अदालत में भी चल रहा है।

एसपी से आदेश का पालन कराने और निर्माण रुकवाने की मांग
दो-दो अदालतों में मामला विचाराधीन होने और स्थगन आदेश प्रभावी रहने के बावजूद जमीन पर निर्माण कार्य जारी रहना कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। थक-हारकर अब पीड़िता समलावती देवी ने जिले के पुलिस कप्तान से उम्मीद लगाई है। उन्होंने मांग की है कि अपर आयुक्त प्रशासन के स्थगन आदेश का सम्मान और पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही विवादित जमीन पर चल रहे निर्माण को फौरन बंद कराकर आरोपी ओमकार गिरी और आनंद गिरी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें इंसाफ मिल सके।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*