सकलडीहा में लेखपालों का धरना, ठप पड़ा राजस्व काम, 8 अक्टूबर से ऑनलाइन काम बंद करने की दी कड़ी चेतावनी
चंदौली की सकलडीहा तहसील में आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इससे समाधान दिवस में आए फरियादी निराश लौटे। लेखपालों ने 8 अक्टूबर से ऑनलाइन काम बंद करने का अल्टीमेटम दिया है।
सकलडीहा तहसील में लेखपालों का धरना
राजस्व से जुड़े सभी काम ठप
समाधान दिवस में दूर से आए फरियादी
आठ सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग
8 अक्टूबर से ऑनलाइन काम बंद करने चेतावनी
चंदौली जिले की सकलडीहा तहसील में शनिवार को लेखपालों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष बिनय कुमार सिंह की अगुवाई में आयोजित इस एक दिवसीय सांकेतिक धरने के कारण तहसील में राजस्व संबंधी सभी काम पूरी तरह ठप पड़ गए।
निराश होकर खाली हाथ लौटे फरियादी
शनिवार को तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन था, जहाँ दूर-दराज के गाँवों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के निपटारे के लिए पहुंचे थे। लेकिन लेखपालों की हड़ताल और काम ठप रहने की वजह से फरियादियों के राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई नहीं हो सकी और उन्हें निराश होकर घर वापस लौटना पड़ा।
आठ सूत्रीय मांगों को लेकर की नारेबाजी
प्रदर्शन कर रहे लेखपालों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। इनमें स्थानांतरण नीति, वेतन विसंगतियों को दूर करना और भत्ते बढ़ाना जैसी प्रमुख माँगें शामिल हैं। लेखपालों का आरोप है कि राजस्व परिषद द्वारा उनकी जायज मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
8 अक्टूबर से आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
लेखपालों ने साफ किया कि यह केवल एक दिन का सांकेतिक धरना था। अगर जल्द ही उनकी माँगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि 8 अक्टूबर से सभी लेखपाल ऑनलाइन काम बंद कर देंगे। इसके बाद 17 अक्टूबर से पांच दिनों का तहसील स्तरीय धरना होगा और 24 अक्टूबर से जिले भर में काम का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बिनय कुमार सिंह, जिला मंत्री बीरेंद्र कौशल, तहसील अध्यक्ष अरुण कुमार अवस्थी के साथ विजय यादव, राजेश पासवान, अनिल कुमार, आलोक पांडेय, राकेश सिंह, प्रशांत और सुरेन्द्रपाल समेत कई लेखपाल मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







