'जब साथ जी नहीं सकते तो…', प्रेमी-प्रेमिका ने कुएं में कूदकर जान देने की इलाके में हो रही है चर्चा
चन्दौली जिले के धीना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक किशोर और किशोरी ने कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश की। इस हृदयविदारक घटना में प्रेमी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेमिका अस्पताल में भर्ती है और इलाज हो रहा है।
धीना थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात
शादी के लिए नहीं माने परिजन
कुएं में छलांग लगाकर दी जान
प्रेमी की मौत, प्रेमिका की हालत बनी है नाजुक
धीना पुलिस कर रही मामले की जांच
चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र में सोमवार को प्रेम प्रसंग के चलते एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के एक गांव में रहने वाले किशोर और किशोरी ने कथित तौर पर एक साथ कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश की। इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। यह घटना सोमवार अपराह्न की बताई जा रही है, जिसको लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग प्रेम प्रसंग सहित कई और बातों की चर्चा कर रहे हैं।

शादी के लिए राजी नहीं थे परिजन
जानकारी के अनुसार, धीना थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी 15 वर्षीय किशोरी, जो हाई स्कूल की छात्रा है, का अपने ही गांव के एक 17 वर्षीय किशोर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। किशोर इस समय इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों प्रेमी-प्रेमिका शादी करना चाहते थे और इसके लिए अपने-अपने परिजनों पर लगातार दबाव बना रहे थे। हालांकि, दोनों के परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे और शादी के लिए राजी नहीं थे। परिजनों के इनकार से आहत होकर दोनों ने खौफनाक कदम उठाने का फैसला किया।
कुएं में दोनों ने एक साथ लगाई छलांग
सोमवार की दोपहर दोनों गांव के एक सुनसान स्थान पर स्थित कुएं के पास पहुंचे और एक साथ पानी में छलांग लगा दी। ग्रामीणों को जैसे ही इसकी भनक लगी, उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। कुएं की गहराई और पानी के कारण 17 वर्षीय प्रेमी छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 15 वर्षीय प्रेमिका की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों और परिजनों ने उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उपचार के बाद वह घर पहुंच गयी।
पुलिस की कार्रवाई का इंतजार
घटना की सूचना पाकर धीना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। धीना प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है। हालांकि, परिजनों द्वारा दी गई तहरीर में दावा किया गया है कि छात्र का कुएं के पास पैर फिसल गया था, जिससे वह गिर गया। पुलिस इस दावे और प्रेम प्रसंग के आत्महत्या वाले पहलू, दोनों की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक सच्चाई सामने आ सके।
इलाके में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म
इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक ही गांव के किशोर-किशोरियों द्वारा उठाए गए इस कदम से हर कोई स्तब्ध है। शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य संवारने की उम्र में इस तरह के आत्मघाती कदम ने सामाजिक और पारिवारिक संतुलन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। ताकि घटना के बारे में सही-सही जानकारी पायी जा सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







