जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे भाजपा एमएलसी विनीत सिंह, कहा पिछले 10 वर्षों में बढ़ा है धार्मिक कथाओं का प्रचलन, गौरांगी गौरी जी ने कराया भागवत महात्म्य का रसपान

माधोपुर में भागवत कथा के प्रथम दिन गौरांगी गौरी ने भागवत महात्म्य सुनाया, भाजपा MLC विनीत सिंह पहुंचे, कहा 10 साल में बढ़ा धार्मिक कथाओं का प्रचलन, मनोज सिंह डब्लू ने पिता की पुण्य तिथि पर कराया आयोजन।

 

श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे भाजपा एमएलसी विनीत सिंह

पिछले 10 वर्षों में बढ़ा है धार्मिक कथाओं का प्रचलन

गौरांगी गौरी जी ने कराया भागवत महात्म्य का रसपान

मनोज सिंह डब्लू ने पिता की पुण्य तिथि पर कराया आयोजन

माधोपुर में भक्तिमय हुआ वातावरण

चंदौली जनपद के माधोपुर गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिन अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका गौरांगी गौरी जी ने श्रद्धालुओं को भागवत महात्म्य का रसपान कराया। कथा के शुभारंभ के साथ ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा का श्रवण किया।


राम कथा और भागवत का महत्व बताया

कथा वाचिका ने श्रीमद्भागवत के महत्व को समझाते हुए कहा कि राम जी की कथा हमें जीवन जीने का ढंग सिखाती है, जबकि भागवत कथा मृत्यु और मोक्ष का मार्ग बताती है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मनुष्य को जीवन के वास्तविक उद्देश्य से परिचित कराने वाला आध्यात्मिक माध्यम है। इसके श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति, वैराग्य और सद्कर्म की भावना जागृत होती है।

मनोज सिंह डब्लू ने कराया आयोजन

समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू द्वारा अपने पिता के पुण्य तिथि पर पैतृक गांव माधोपुर में आयोजित भागवत कथा में भाजपा एमएलसी विनीत सिंह भी शामिल हुए। उनके साथ चहनिया के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह गुड्डू भी कथा श्रवण करने पहुंचे। भाजपा एमएलसी विनीत सिंह सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के रिश्ते में समधी हैं।


विनीत सिंह ने क्या कहा?

इस दौरान विनीत सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में समाज में धार्मिक कथाओं के आयोजन और श्रवण का प्रचलन तेजी से बढ़ा है। यह समाज के लिए सकारात्मक बदलाव है। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर मनुष्य अपने निजी स्वार्थ के लिए विभिन्न कार्य करता है, लेकिन भगवान की कथा का आयोजन लोकहितार्थ और परमार्थ के उद्देश्य से किया जाता है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को अपनी संस्कृति, संस्कार एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने के साथ ही आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

माधोपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कथा पंडाल में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। पहले दिन भागवत महात्म्य के वर्णन के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। आने वाले दिनों में कथा के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, कर्म, भक्ति और मोक्ष का संदेश दिया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*