जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मदरसा के छात्रों ने अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर किया भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन

प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार डॉ. कलाम की पुण्यतिथि पर सभी मदरसों और शिक्षण संस्थानों में संगोष्ठी व वैज्ञानिक चेतना विकसित करने हेतु कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
 

डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि आज

छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए विज्ञान के अनोखे प्रयोग

मदरसे के छात्र-छात्राओं में दिखा अपने तरह का उत्साह 

चंदौली जिले के  धानापुर में स्थानीय मदरसा मिसबाहउल उलूम में सोमवार को भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि के अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मदरसे के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विज्ञान की कई अवधारणाओं को व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया।

प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार डॉ. कलाम की पुण्यतिथि पर सभी मदरसों और शिक्षण संस्थानों में संगोष्ठी व वैज्ञानिक चेतना विकसित करने हेतु कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मदरसा मिसबाहउल उलूम धानापुर में संगोष्ठी और विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ, जिसमें विद्युत धारा, चुंबकीय प्रभाव, वायुदाब, ऊष्मा चालकता, जलने में सहायक ऑक्सीजन, और चुंबक से विद्युत उत्पादन जैसे विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम में डॉ. कलाम की जीवनी पर भी शिक्षकों द्वारा विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रधानाचार्य मौलाना खालिद ने अपने संबोधन में कहा कि “डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जीवन यात्रा यह प्रमाणित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी छात्र महान बन सकता है।”

इस अवसर पर मास्टर नसीम, मुफ्ती इरशाद, वसीम मौलाना, कारी नजीर, इजहार खा, मास्टर जुनैद, तौसीफ, महफूजुर रहमान, राशिद खान, अनुदेशक तौकीर खान, निधि गुप्ता सहित मदरसे के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी छात्रों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया और उनके कार्यों की सराहना की गई।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*