जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के अपने ही गांव में बड़ा खेल, नाराज महिलाओं ने थामा समाजवादी पार्टी का दामन

चन्दौली की सकलडीहा विधानसभा के सिरोहपुर गांव में राजनीतिक उलटफेर हुआ है। यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के पैतृक गांव की दर्जनों महिलाओं ने मंत्री पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली है। पूरी खबर पढ़ें...

 

मंत्री अनिल राजभर के गांव में बड़ी बगावत

राजभर समाज की महिलाओं ने चुनी सपा

विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने दिलाई सदस्यता

बिजली के खतरनाक तारों को लेकर थी नाराजगी

चंदौली जिले के सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के सिरोहपुर गांव से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के पैतृक गांव सिरोहपुर में खुद उनकी ही बिरादरी की दर्जनों महिलाओं ने भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका दे दिया है। इन महिलाओं ने एकजुट होकर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है।

मंत्री के अपने ही घर में हुए इस बड़े घटनाक्रम के बाद से स्थानीय राजनीति का पारा अचानक चढ़ गया है। सबसे खास बात यह रही कि महिलाओं ने न सिर्फ पाला बदला, बल्कि खुली पंचायत में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की कार्यशैली और उनकी क्षमता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

minister-anil-rajbhar-village-women-join-samajwadi-party

विधायक प्रभु नारायण ने की मदद, तो महिलाओं ने दिया साथ
सकलडीहा कस्बे के पास सिरोहपुर गांव में आयोजित इस खास कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के स्थानीय विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव पहुंचे थे। उन्होंने गांव की राजभर समाज की कई महिलाओं को माला पहनाकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस मौके पर महिलाओं ने विधायक का जोरदार स्वागत किया और उनका आभार जताया।

सपा की सदस्यता लेने वाली महिलाओं का सीधा आरोप था कि गांव में बिजली का तार टूटकर गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। इस बड़े हादसे के बाद भी समस्या का कोई पक्का समाधान नहीं किया गया। महिलाओं ने कई बार मंत्री और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उनकी तकलीफों पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

चुनाव जीतने के बाद जनता को भूलने का लगाया आरोप
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि गांव के घरों के ठीक ऊपर से गुजर रहे बिजली के हाईटेंशन तार और अन्य स्थानीय समस्याओं की वजह से वे लोग लंबे समय से डर के साए में जी रहे थे। जब उनकी बात कहीं नहीं सुनी गई, तो सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने उनकी परेशानी को गंभीरता से समझा।

विधायक ने तुरंत बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों से बात की और घरों के ऊपर से जा रहे खतरनाक तारों को हटवाने का काम पूरा कराया। तारों के हटने के बाद अब ग्रामीणों को आने-जाने में बड़ी राहत मिली है। महिलाओं ने साफ कहा कि किसी भी नेता का काम सिर्फ चुनाव जीतना नहीं होता, बल्कि जनता के सुख-दुख में खड़ा होना होता है। विधायक ने हमारा साथ दिया, इसलिए हमने सपा के साथ जाने का फैसला किया।

आगामी चुनावों के लिए नए समीकरणों की चर्चा शुरू
मंत्री के गांव में राजभर समाज की महिलाओं का इस तरह बगावती रुख अपनाना और सपा विधायक का सार्वजनिक सम्मान करना भविष्य की राजनीति के लिए बड़े संकेत दे रहा है। इस घटना ने सिरोहपुर गांव के साथ-साथ पूरी सकलडीहा विधानसभा में नई सियासी बहस छेड़ दी है।

इस सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्य नारायण राजभर, केशव राजभर, सुरेंद्र यादव, पुतुल यादव और प्रभात यादव समेत भारी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*