प्रभारी मंत्री ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, ग्रामीणों ने रोक कर सुनाई अपनी विरह वेदना
गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में फैला बाढ़ का संकट
मंत्री संजीव गौड़ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
मारुखपुर आश्रय स्थल पर 125 बाढ़ कीट का वितरण
चंदौली जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बुधवार को जिले के प्रभारी मंत्री संजीव गौड़ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
प्रभारी मंत्री ने सकलडीहा तहसील के प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए आश्रय स्थल मारुखपुर पर पहुंचकर राहत सामग्री और 125 बाढ़ कीट वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव मदद के लिए तत्पर है और किसी को भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री को रोककर अपनी पीड़ा साझा की और गंगा कटान की समस्या को गंभीरता से उठाया।
ग्रामीणों ने मांग की कि गंगा कटान को रोकने के लिए पत्थरों की टीचिंग कराई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की तबाही से बचा जा सके। मंत्री संजीव गौड़ ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कटान प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से सुरक्षा उपाय किए जाएं।

इसके अलावा उन्होंने प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की भी बात कही और अधिकारियों से कहा कि नुकसान का शीघ्र सर्वेक्षण कराकर मुआवजा वितरण सुनिश्चित किया जाए। जिन परिवारों के मकान बाढ़ में गिर गए हैं, उन्हें आवास योजना के अंतर्गत घर उपलब्ध कराए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के सकलडीहा विधानसभा से प्रत्याशी सूर्यमुनि तिवारी, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर, मुख्य चिकित्साधिकारी युगल किशोर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री का यह दौरा प्रशासन की सक्रियता और सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही राहत व पुनर्वास के कार्यों में तेजी लाई जाएगी और उन्हें इस आपदा से उबरने में मदद मिलेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







