कई जरूरी कार्यों के लिए भूमि चिह्नित न होने पर आंदोलन की चेतावनी, सपा विधायक ने जताई नाराजगी
तहसील प्रशासन की लापरवाही पर भड़के विधायक
नागेपुर में महीनों से ट्रांसफार्मर की जमीन लंबित
पुलिस बूथ निर्माण अधर में लटका
विधायक ने 2 दिन का दिया है अल्टीमेटम
चंदौली जिले के सकलडीहा में समाजवादी पार्टी ने तहसील प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर आंबेडकर प्रतिमा, पुलिस बूथ और बिजली ट्रांसफार्मर के लिए भूमि चिह्नित नहीं की गई, तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने शनिवार को प्रतिमा स्थल पहुंचकर प्रशासन की निष्क्रियता पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि जनता को लगातार आश्वासन देकर गुमराह किया जा रहा है।
आपको बता दें कि बीते कई महीनों से नागेपुर में ट्रांसफार्मर की जमीन चिह्नित नहीं हो पाई है, जिसके कारण बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। इसी तरह पुलिस बूथ का निर्माण भी अधर में लटका हुआ है। कार्यदायी संस्था द्वारा पुराने पुलिस यूथ को ढहाए जाने के बावजूद अब तक नई जमीन तय नहीं की गई।
बताते चलें कि समाजवादी पार्टी ने 18 अगस्त को तहसील मुख्यालय पर आंबेडकर प्रतिमा के लिए जमीन चिह्नित करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। इसके बाद भीम आर्मी और बसपा समर्थक भी इसी मुद्दे को लेकर धरना दे चुके हैं। मौके पर पहुंची राजस्व टीम ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि प्रतिमा के लिए भूमि चिन्हित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार टालमटोल रवैया अपनाया जा रहा है। यदि दो दिनों में जमीन तय कर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी प्रतिमा स्थल पर बड़ा आंदोलन करेगी।
धरना स्थल पर सिंटू यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष केके सोनी, सुरेंद्र यादव, गोविंद सोनकर और इकराम सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं, एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि दो स्थानों पर भूमि का चिन्हांकन किया जा चुका है और शीघ्र ही संबंधित विभाग से बातचीत कर प्रतिमा की स्थापना की जाएगी।
यह विवाद अब प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच टकराव का रूप ले चुका है। यदि समय पर समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में आंदोलन तेज होना तय है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







