हृदयपुर कंपोजिट विद्यालय में मिशन शक्ति के तहत प्रोत्साहन कार्यक्रम
हृदयपुर कंपोजिट विद्यालय में 'मिशन शक्ति' के तहत बालिका सुरक्षा
सम्मान और स्वावलंबन कार्यक्रम आयोजित
प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह यादव ने की इन छात्राओं की तारीफ
चहनियां, चन्दौली: मिशन शक्ति (फेज-5) के अंतर्गत, कंपोजिट विद्यालय हृदयपुर में शनिवार को 'महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन' विषय पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह यादव ने हाल ही में आयोजित गणित ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दो छात्राओं को माला पहनाकर सम्मानित किया। कक्षा 8 की छात्रा आराध्या यादव ने ओलंपियाड में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दीपिका यादव (कक्षा 7) ने चौथा स्थान प्राप्त कर टॉप टेन में अपनी जगह बनाई। प्रधानाध्यापक ने दोनों छात्राओं की सफलता पर उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि आज बालिकाओं को केवल शिक्षा से ही नहीं, बल्कि जीवन कौशल और कौशल विकास की ट्रेनिंग देकर उन्हें सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और समाज में मजबूती के साथ अपने कार्यों को अंजाम दे सकें।
शिक्षिका उमा चौबे ने भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर पावर एंजेल (Power Angel) के रूप में कक्षा 8 की अंशिका मौर्य, कक्षा 7 की मधु शर्मा और कक्षा 6 की पायल प्रजापति ने सभी को 'सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन' का संदेश देते हुए जागरूकता फैलाई।
शिक्षक नंदकुमार शर्मा ने बताया कि विकासखंड चहनिया में 8 अक्टूबर को हुई गणित ओलंपियाड परीक्षा में 100 बच्चों ने भाग लिया था, जिसमें हृदयपुर कंपोजिट विद्यालय की इन छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि अब यह प्रतियोगिता जनपद स्तर पर आयोजित होगी, जिसमें टॉप फाइव बच्चों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। आज इन छात्राओं को 'मिशन शक्ति' के तहत सम्मानित किया गया है।
इस अवसर पर विद्यालय के बृजेश कुमार मिश्रा, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, उमेश, प्रदीप कुमार सिंह, रूबी सिंह, गौतम लाल, राम भजन राम, सुशीला देवी और विजय राज रवि सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







