जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नारायनपुर पम्प कैनाल से टेल तक नहीं जा रहा है पानी, कैसे बचेगी किसानों की फसल

धान की फसल के लिए इस समय पानी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। लेकिन लगातार पानी न मिलने से धान की पत्तियाँ लाल पड़ने लगी हैं, जिससे पैदावार पर भारी असर पड़ने की आशंका है।
 

मुख्य नहर के टेल क्षेत्र में पानी का संकट

धान की फसल सूखने से किसान परेशान

प्रशासन से नहर में तुरंत पानी छोड़ने की मांग

अधिशासी अभियंता ने दिया समाधान का आश्वासन

चंदौली जिले के धीना के बरहनी विकासखंड के अंतर्गत असना गांव के मुख्य नहर के टेल क्षेत्र में पानी न पहुँचने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नारायनपुर पम्प कैनाल से निकलने वाली मुख्य नहर में जल आपूर्ति बाधित होने के कारण धान की फसलें सूखने लगी हैं और खेतों में रोग फैलने का खतरा मंडराने लगा है।

धान की फसल के लिए इस समय पानी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। लेकिन लगातार पानी न मिलने से धान की पत्तियाँ लाल पड़ने लगी हैं, जिससे पैदावार पर भारी असर पड़ने की आशंका है। किसान चिंतित हैं कि यदि जल्द ही नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी।

किसान नेता मुन्ना सिंह ने कहा कि टेल क्षेत्र में बसे किसानों की हालत सबसे खराब है। खेतों तक पानी न पहुँच पाने के कारण हजारों किसानों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने तुरंत पानी की आपूर्ति नहीं शुरू की तो किसानों को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।

इस संबंध में अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार ने बताया कि समस्या को लेकर प्रयास जारी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक-दो दिनों में पानी नहर के टेल तक पहुँचा दिया जाएगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*