नीति आयोग के नोडल अधिकारी ने आकांक्षी ब्लॉक चहनियां देखा हाल, दिए कई जरूरी टिप्स
नीति आयोग के नोडल अधिकारी शिवम मिश्रा ने किया दौरा
आकांक्षी ब्लॉक चहनियां में कई गांवों का देखा हाल
शिक्षा-स्वास्थ्य समेत विकास कार्यों की ली जानकारी
अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश
नीति आयोग द्वारा चयनित आकांक्षी ब्लॉक चहनियां का गुरुवार को राज्य नोडल अधिकारी छत्तीसगढ़, शिवम मिश्रा ने निरीक्षण किया। अपने दौरे में उन्होंने प्राथमिक शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और महिला समूहों की गतिविधियों का स्थलीय मूल्यांकन करते हुए कई दिशा-निर्देश दिए।

विद्यालय में बच्चों से पूछे सवाल
ग्राम पंचायत कल्याणपुर कला के प्राथमिक विद्यालय बगहीं में शिवम मिश्रा ने बच्चों से सामान्य ज्ञान और भाषा से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि हर दिन की प्रार्थना सभा में सुविचार, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी और समाचार साझा करने की परंपरा विकसित की जाए, ताकि बच्चों में बौद्धिक विकास हो।
आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण और कार्यक्रम में सहभागिता
उन्होंने कल्याणपुर कला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया और अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम में भाग लिया। मिश्रा ने बच्चों के साथ बैठकर मिड डे मील (MDM) का भोजन भी ग्रहण किया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में सकारात्मक संदेश गया।

महिला समूहों और स्वास्थ्य केंद्र का अवलोकन
ग्राम पंचायत में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित क्रियाकलापों का भी उन्होंने अवलोकन किया। वहीं, स्वास्थ्य उपकेंद्र डेवड़ा का निरीक्षण कर वहाँ की स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिक्षा अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश
नोडल अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी व खंड विकास अधिकारी को स्कूलों की नियमित जांच करने और बाल सभा जैसे रचनात्मक आयोजनों को अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को बच्चों के पठन-पाठन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक में दी टीमवर्क की सीख
ब्लॉक मुख्यालय पर सभी विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें नीति आयोग द्वारा निर्धारित 39 सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा की गई। मिश्रा ने कहा, "टीम भावना और एकजुट प्रयासों से ही आकांक्षी ब्लॉक को प्रगति के रास्ते पर आगे ले जाया जा सकता है।"
इस अवसर पर सीएम फेलो शिवांगी सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी एसपी सहाय, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (सांख्यिकीय), आईएसबी, बीएमएम, ग्राम प्रधान बृजेश चौबे सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







