तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत
तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मारी
बुलेट सवार युवक की मौके पर मौत
गाड़ी पर बैठा साथी गंभीर होने के बाद ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर
चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। पांडेयपुर किसान अयोध्या इंटर कॉलेज के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बुलेट सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे मिथिलेश तिवारी (22 वर्ष) पुत्र त्रिलोकी तिवारी, निवासी कुसहा गांव, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठे साथी विपिन जायसवाल (24 वर्ष) पुत्र दुर्गा जायसवाल, निवासी पचपरा, गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, दोनों दोस्त शनिवार की शाम अपने मित्र से मिलने धानापुर के रेवती गांव गए थे। रविवार को वे घर लौट रहे थे कि पांडेयपुर के पास यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मिथिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक मिथिलेश के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोग इस दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग बता रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर नियमित गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







