सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप पाण्डेय बने रोवर कमिश्नर
चंदौली जिले में स्काउट-गाइड आंदोलन को मिली नई ऊर्जा
सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप पाण्डेय को बनाया गया रोवर कमिश्नर
रोवर-रेंजर गतिविधियों को जनपद के सभी महाविद्यालयों में अनिवार्य रूप से करेंगे संचालित
चंदौली के शिक्षा जगत में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश, जनपद चंदौली के रोवर विभाग का जिला कमिश्नर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्य आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार के निर्देश पर की गई है।

प्राचार्य कक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम में, पूर्व मुख्य आयुक्त डॉ. एस.के. लाल ने प्रो. पाण्डेय को रोवर कमिश्नर का अधिकार पत्र और अंगवस्त्रम प्रदान कर उन्हें बधाई दी।
रोवर-रेंजर को मिलेगी नई दिशा
अधिकार पत्र प्राप्त करने के बाद प्रो. प्रदीप पाण्डेय ने कहा कि रोवर-रेंजर स्काउट गाइड आंदोलन का एक अभिन्न अंग है। उन्होंने संकल्प लिया कि रोवर-रेंजर की गतिविधियों को जनपद के समस्त महाविद्यालयों में अनिवार्य रूप से संचालित किया जाएगा और सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व जिला मुख्य आयुक्त डॉ. एस.के. लाल ने प्रो. पाण्डेय को बधाई देते हुए कहा कि प्रो. पाण्डेय एक ऊर्जावान प्राचार्य हैं, जिनकी ऊर्जा स्काउट/गाइड आंदोलन को एक नई दिशा देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में यह आंदोलन राजकीय, अशासकीय और प्राइवेट महाविद्यालयों में एक क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगा और इसे शिखर तक पहुंचाएगा।
प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय को जिला कमिश्नर रोवर बनाए जाने पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, छात्र-छात्राओं और भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के सभी पदाधिकारियों ने बधाई दी। इस दौरान जिला संगठन आयुक्त स्काउट सैय्यद अली अंसारी, प्रो. विजेंद्र सिंह और डॉ. प्रीतम उपाध्याय सहित कई पदाधिकारी और कॉलेज परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






