धानापुर के करी गांव में पोषाहार की खुलेआम बिक्री, ग्रामीणों ने पकड़ा तो जांच शुरू करने का नाटक
आंगनबाड़ी कार्यकत्री पर पोषाहार बेचने का आरोप
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
सीडीपीओ विनोद कुमार को कुछ पता ही नहीं
चंदौली जिले के धानापुर विकास खंड के करी गांव में बाल पोषाहार की खुलेआम बिक्री का मामला सामने आया है। मंगलवार को ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पोषाहार के पैकेट के साथ पकड़ा, जो उसे खरीदकर घर ले जा रहा था। ग्रामीणों को शक हुआ तो पूछताछ की, इस पर वह व्यक्ति पोषाहार वहीं छोड़कर भाग निकला।

सूचना मिलने पर धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और पोषाहार के पैकेट कब्जे में लेकर गांव के कोटेदार के पास सुरक्षित रखवा दिए। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी शरद गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पीआरबी को सूचना दी गई थी। पुलिस ने बाल पोषाहार को बरामद कर लिया है और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है।
ग्रामीणों का गंभीर आरोप
ग्रामीण भगवानदास ने बताया कि करी गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री उर्मिला देवी हर महीने पोषाहार को बाजार में बेचती है। यह पोषाहार छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए आता है, लेकिन इसे मवेशियों के चारे की तरह खुलेआम बेचा जा रहा था।

ग्रामीणों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद लक्ष्मीनारायण पांडेय, बाबू पांडेय, लालू सिंह, मंगलेश यादव, शमशेर यादव, अंतिम यादव, अवधेश यादव, बृजलाल यादव और रोशन पांडेय समेत कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ऐसा बोल रहे जिम्मेदार अधिकारी
पोषाहार बाहर मिलने पर सीडीपीओ विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है और यदि कोई दोषी पाया गया तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







