जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

प्रयागराज से 4 दिनों से लापता तुषार का चंदौली में गंगा नदी में मिला शव, ड्राइविंग लाइसेंस से हुई पहचान

प्रयागराज से 25 सितंबर से लापता 40 वर्षीय तुषार मित्तल का शव चंदौली के सरौली गांव के पास गंगा नदी से बरामद हुआ है। जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस से पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

25 सितंबर से लापता था प्रयागराज का युवक

चंदौली के सरौली में गंगा नदी में मिली लाश

जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस से हुई पहचान

यमुना के पुराने पुल पर खड़ी मिली थी बाइक

बलुआ पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

 चंदौली जिले में एक लाश मिलने की दुखद खबर सामने आई है। बलुआ थाना क्षेत्र के सरौली गांव के समीप मंगलवार शाम गंगा नदी में एक युवक का शव बहता हुआ मिला। नदी में शव देखते ही स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया।

ड्राइविंग लाइसेंस से हुई मृतक की पहचान नदी से शव बा

हर निकालने के बाद पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो मृतक की जेब से एक ड्राइविंग लाइसेंस मिला। ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर मृतक की पहचान 40 वर्षीय तुषार मित्तल के रूप में हुई। तुषार मित्तल प्रयागराज जिले के तिलक रोड, बलुआ घाट के रहने वाले थे और उनके पिता का नाम राकेश मित्तल है।

25 सितंबर से घर से गायब थे तुषार 
जानकारी के अनुसार तुषार मित्तल बीते 25 सितंबर को अपने घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी थी। परिजनों को तलाश के दौरान यमुना नदी के पुराने पुल के पास तुषार की बाइक खड़ी मिली थी, जिसके बाद से ही परिवार के लोग अनहोनी की आशंका में उनकी तलाश में जुटे हुए थे।

 

परिजनों को दी गई सूचना, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रिश्तेदार 
मंगलवार शाम जब चंदौली में गंगा नदी से तुषार का शव बरामद हुआ, तो बलुआ पुलिस ने ड्राइविंग लाइसेंस के पते के आधार पर तुरंत उनके परिजनों को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे चंदौली जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंच रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के मुताबिक मौत के असली कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*