धानापुर-कमालपुर से रोडवेज बस सेवा का भव्य आगाज: विधायक सुशील सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
धानापुर व कमालपुर में रोडवेज बस सेवा शुरू
विधायक सुशील सिंह ने दिखाई हरी झंडी
महुंजी से पड़ाव तक रूट निर्धारित
अवहीं व धानापुर से लंबे समय से हो रही थी मांग
एआरएम बोले- जल्द तय करेंगे पूरी समय सारणी
चंदौली जिले के धानापुर विकास खंड अंतर्गत धानापुर व कमालपुर क्षेत्र के निवासियों के लिए सोमवार का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया। क्षेत्रीय जनता, व्यापारियों और समाजसेवियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील सिंह ने दोनों जगहों से सरकारी रोडवेज बस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक ने बस का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया, जिसके बाद फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर बस को गंतव्य के लिए रवाना किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि इस जनोपयोगी बस सेवा के प्रारंभ होने से स्थानीय व्यापारियों, आम जनमानस और दैनिक यात्रियों को वाराणसी तक आने-जाने में हो रही दिक्कतों से बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक और ब्लॉक प्रमुख ने बस में किया सफर
रोडवेज बस सेवा के ऐतिहासिक उद्घाटन के बाद एक खास नजारा देखने को मिला। उद्घाटन की औपचारिकता पूरी करने के तुरंत बाद विधायक सुशील सिंह, धानापुर के ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुशील सिंह जनौली और अपने अन्य प्रमुख सहयोगियों के साथ खुद बस में सवार हुए। इन सभी जनप्रतिनिधियों ने आम यात्रियों के साथ कमालपुर बस स्टैंड से लेकर पेट्रोल पंप तक रोडवेज बस में सफर कर व्यवस्था का जायजा लिया। इस कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
इन प्रमुख रूटों से होकर गुजरेगी रोडवेज बस
यह नई सरकारी रोडवेज बस प्रतिदिन महुजी से अपनी यात्रा का प्रारंभ करेगी। इसके बाद यह एवती, कमालपुर बाजार, सकलडीहा और अलीनगर के मुख्य रास्तों से होते हुए पड़ाव तक जाएगी। इस रूट के तय होने से सकलडीहा और अलीनगर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को भी परिवहन का एक सुलभ और सुरक्षित माध्यम मिल गया है। समाज सेवी नीरज अग्रहरि समेत स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया है।
नई बस सेवाएं —
🚌 प्रातः 7:00 बजे
नगवा → धानापुर → आवाजापुर → चंदौली (वाया पड़ाव)
🚌 प्रातः 6:00 बजे
अवही → धानापुर → बलुआ → वाराणसी कैंट
🚍 प्रातः 6:00 बजे
महुंजी → एवती → कमालपुर → सकलडीहा → अलीनगर (वाया पड़ाव)
इन नई बस सेवाओं से क्षेत्र की जनता को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।
जल्द तय होगी समय सारणी: एआरएम
इस संबंध में रोडवेज के एआरएम (ARM) वी.के. श्रीवास्तव ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बस का रूट महुजी, एवती, कमालपुर, सकलडीहा और अलीनगर होते हुए पड़ाव तक तय कर दिया गया है। फिलहाल बस के परिचालन की समय सारणी (टाइम टेबल) निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बहुत जल्द ही समय सीमा तय कर नियमित और सुचारू संचालन शुरू करा दिया जाएगा, ताकि आम जनमानस को इसका शत-प्रतिशत लाभ मिल सके।
लोकार्पण के इस गौरवमयी अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष राजेश सिंह, पप्पू सिंह, टप्पू सिंह, अरविंद वर्मा, गणेश अग्रहरि, संजय अग्रहरि, पप्पू अली, विकास गुप्ता, रवि अग्रहरि, एहतशाम खान, भोला जायसवाल, सोनू गुप्ता और कृष्णा सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक तथा भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








