जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

रूपेठा गांव में आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने साधा विपक्ष पर निशाना, बोले- पीटते रहेंगे पानी नहीं होगा कुछ हासिल, भागवत कथा में हुए शामिल

चंदौली के रूपेठा गांव में भागवत कथा में पहुंचे आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने विपक्ष पर निशाना साधा। कहा- कोई कितना भी फ्रंट बना ले सरकार पर असर नहीं पड़ेगा, पानी पीटने से कुछ हासिल नहीं होगा। ओवैसी के गठबंधन वाले बयान पर दिया जवाब।

 
 

 रूपेठा गांव में भागवत कथा में पहुंचे आयुष मंत्री

 विपक्ष पर साधा निशाना, बोले पानी पीटने से कुछ नहीं होगा

 ओवैसी के गठबंधन वाले बयान पर दिया जवाब

 कहा सरकार गरीबों पिछड़ों दलितों के लिए कर रही काम

 सनातन परंपरा और आस्था पर दिया जोर

चंदौली जनपद के रूपेठा गांव में जिला पंचायत सदस्य संजय पांडेय के यहां आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ पहुंचे। उन्होंने भागवत कथा में शामिल होकर व्यासपीठ एवं कथा वाचक शिवम् तिवारी का आशीर्वाद लिया।

इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान से जुड़ने और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने की अपील की। मंत्री के आगमन पर आयोजकों ने उनका स्वागत किया।

भगवान के प्रति आस्था है भारतीय संस्कृति

आयुष मंत्री ने कहा कि भगवान के प्रति आस्था भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने ईश्वर के अस्तित्व को नकारने का काम किया, लेकिन आज पूरा देश भगवान की सत्ता और सनातन परंपरा में अपनी आस्था व्यक्त कर रहा है।

उन्होंने लोगों से धर्म और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और इससे आध्यात्मिक चेतना मजबूत होती है।

ओवैसी के गठबंधन वाले बयान पर दिया जवाब

वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी की ओर से गठबंधन की संभावनाओं के बीच आयुष मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। ओवैसी ने हाल में उत्तर प्रदेश में समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन की संभावना जताई है।

मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि कोई कितना भी फ्रंट या गठबंधन बना ले, इससे सरकार के काम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, पिछड़ों और दलितों की सेवा करने के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। जनता विकास और सरकार के काम को देख रही है।

विपक्ष पर बोला हमला

विपक्ष की ओर से वर्ष 2017 से 2022 के बीच भाजपा के राजनीतिक ग्राफ में गिरावट के दावों पर मंत्री ने कहा कि विपक्ष सत्ता के लिए प्रयास करता रहेगा, लेकिन जनता सरकार के काम को देखकर निर्णय लेती है।

उन्होंने कहा कि लाख पानी पीटते रहेंगे कुछ हासिल नहीं होगा। यह उनकी ओर से विपक्ष के प्रयासों पर टिप्पणी थी, जिसका अंतिम फैसला जनता करेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक भाजपा के राजनीतिक सफर को भी देखना चाहिए।

पीएम मोदी के नेतृत्व में हुए बड़े कार्य

आयुष मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई बड़े कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता का विश्वास सरकार के प्रति लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में भी यह विश्वास कायम रहेगा।

मंत्री ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*