जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

पत्रकारों की मीटिंग में फर्जी मुकदमों और उत्पीड़न पर जताई नाराजगी, जिले में बड़े आंदोलन की चेतावनी

चंदौली के सकलडीहा तहसील में पत्रकारों की बैठक वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह राजपूत की अध्यक्षता में हुई। वाराणसी और चंदौली में पत्रकारों पर फर्जी मुकदमे और उत्पीड़न पर नाराजगी जताई गई, CO सकलडीहा से कार्रवाई की मांग की गई।
 

- सकलडीहा कैंप कार्यालय पर पत्रकारों की बैठक आयोजित

- वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह राजपूत ने की अध्यक्षता

- पत्रकार नवनीत सिंह पर फर्जी मुकदमे का विरोध

- मुकेश मौर्य पर रंगदारी के फर्जी आरोप की निंदा

- CO कृष्ण मुरारी शर्मा ने दिया न्याय का आश्वासन

चंदौली जिले के सकलडीहा तहसील क्षेत्र के कैंप कार्यालय पर बुधवार को पत्रकारों की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह राजपूत ने की। बैठक में पत्रकारों पर हो रहे अन्याय और उत्पीड़न को लेकर कड़ी नाराजगी जताई गई।

पत्रकारों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वाराणसी और चंदौली में पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्हें प्रताड़ित करने की कोशिश हो रही है, जो बहुत ही निंदनीय है।

वाराणसी घटना पर जताया आक्रोश
पत्रकारों को संबोधित करते हुए अजय सिंह राजपूत ने कहा कि वाराणसी के लालपुर पांडेपुर थाने में एक पत्रकार के साथ बदसलूकी की गई थी। इसके विरोध में पत्रकारों ने प्रदर्शन किया था। विरोध के बाद पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया था। उन्होंने कहा कि इस तरह पत्रकारों के शोषण को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

धानापुर के पत्रकार नवनीत सिंह पर फर्जी मुकदमा
बैठक में धानापुर के पत्रकार नवनीत सिंह के मामले को भी उठाया गया। पत्रकारों ने बताया कि नवनीत सिंह पर फर्जी तरीके से जान से मारने की धमकी और जबरदस्ती जमीन कब्जाने का आरोप लगाया गया है। बिना जांच के ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। जबकि पत्रकार नवनीत सिंह ने अभी तक शिकायत करने वाली महिला को देखा तक नहीं है। इसके बावजूद उन्हें फर्जी मामले में फंसाया गया है और वे कोर्ट-कचहरी का चक्कर लगा रहे हैं।

सकलडीहा में फर्जी रजिस्ट्री का मामला

कुछ महीने पहले सकलडीहा तहसील में फर्जी रजिस्ट्री का मामला सामने आया था। इस खबर को अखबारों में प्रकाशित किया गया था। खबर छपने के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए फर्जी रजिस्ट्री के आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

इसी का बदला लेने के लिए आरोपी के भाई ने पत्रकार मुकेश कुमार मौर्य पर फर्जी रंगदारी मांगने का आरोप लगा दिया। पुलिस जांच में यह आरोप पूरी तरह असत्य पाया गया। लेकिन इसके बावजूद फर्जी आरोप लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे फर्जी काम में लिप्त लोगों का मनोबल बढ़ा हुआ है। पत्रकारों ने एक स्वर में मांग की कि फर्जी आरोप लगाने वाले पर कठोर कार्रवाई हो, नहीं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

सीओ सकलडीहा से मिले पत्रकार
बैठक के बाद पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पत्रकारों की समस्याओं से अवगत कराया। पत्रकारों ने बताया कि किस तरह उन्हें फर्जी मामलों में फंसाया जा रहा है और उनका उत्पीड़न किया जा रहा है।

सीओ ने दिया आश्वासन
क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि पत्रकारों के मामलों में विशेष ध्यान दिया जाएगा। किसी भी स्थिति में पत्रकारों के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

बैठक में ये पत्रकार रहे मौजूद
इस मौके पर मुख्य रूप से ज्ञानेंद्र सिंह, विवेक चौरसिया, राजेश गुप्ता, मुकेश दुबे, हरवंश बिंद, चंद्रभान कुशवाहा, सुग्रीव कुमार, पिंटू यादव, संजय दिनकर, रामबहादुर, राहुल पाण्डेय सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*