जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

धर्म परिवर्तन रैकेट: जिला पंचायत सदस्य के भाई के घर छापेमारी, अजीत समेत 6 गिरफ्तार, बैंक खातों की जांच शुरू

चंदौली के इटवा गांव में चल रही एक कथित प्रार्थना सभा पर सकलडीहा पुलिस ने छापा मारकर धर्म परिवर्तन कराने वाले 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इनके बैंक खातों और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

 
 

कथित प्रार्थना सभा पर पुलिस का छापा

पुराना आरोपी अजीत कुमार फिर गिरफ्तार

आधा दर्जन आरोपी भेजे गए जेल

आरोपियों के बैंक खातों की जांच

भारी मात्रा में धार्मिक सामग्री बरामद

चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के इटवा गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की एक टीम ने धर्म परिवर्तन की गुप्त सूचना पर एक कथित प्रार्थना सभा में अचानक छापेमारी कर दी। पुलिस के पहुंचते ही वहाँ मौजूद महिलाओं और पुरुषों में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी करके मौके से आधा दर्जन (6) लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है।

sakaldiha-conversion-racket-busted-six-arrested

जिला पंचायत सदस्य का भाई और पुराना आरोपी शामिल
पुलिस को जानकारी मिली थी कि इटवा गांव में जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि रमेश राम के भाई के घर पर यह पूरा खेल चल रहा था। यहाँ सीधे-साधे ग्रामीणों को झाड़-फूंक और चमत्कार का झांसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया जा रहा था। पकड़े गए आरोपियों में अजीत कुमार नाम का एक शख्स भी शामिल है, जिस पर पहले भी धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में केस दर्ज हो चुका है। पुलिस ने मौके से कमलेश, धीरज, अजीत कुमार, राजेश मौर्य, गुड्डू और दिनेश पटेल को गिरफ्तार किया है।

बरामद हुई भारी मात्रा में सामग्री
सकलडीहा थाना पुलिस ने मौके से 7 बाइबिल, ईसा मसीह की 50 स्मारिकाएं, बड़ी संख्या में धार्मिक पोस्टर और भारी मात्रा में प्रचार सामग्री बरामद करने का दावा किया है। इस कार्रवाई की खबर जैसे ही फैली, गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे इलाके में इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

बैंक खातों और विदेशी फंडिंग की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की जांच बहुत गहराई से की जा रही है। पकड़े गए सभी आरोपियों के बैंक खातों (बैंक डिटेल) को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि इनके पीछे कोई बड़ा संगठित नेटवर्क या पैसों का लालच तो काम नहीं कर रहा था। पुलिस बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है और साफ किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*