सकलडीहा में दरोगा पर महिला की लाठी से पिटाई का आरोप: पीठ पर चोट के निशान का वीडियो वायरल, उठे सवाल
चंदौली के सकलडीहा में कस्बा चौकी प्रभारी पर महिला की लाठी से पिटाई का आरोप लगा है। पीठ पर जख्म और फिर मारपीट से इनकार के दो अलग-अलग वीडियो वायरल होने के बाद सीओ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सकलडीहा चौकी प्रभारी पर पिटाई का आरोप
महिला की पीठ पर जख्म का वीडियो वायरल
सावन में खुले में मांस बिक्री से जुड़ा मामला
मारपीट से इनकार का दूसरा वीडियो सामने आया
सकलडीहा सीओ कर रहे मामले की जांच
चंदौली जिले के सकलडीहा कस्बा चौकी क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार भोजपुर ग्राम सभा के रतनपुरा निवासी मिंटू सोनकर अपनी पत्नी कुंती और अन्य लोगों के साथ खुले में सूअर का मांस बेच रहे थे। सावन माह में खुले में मांस की बिक्री पर लगी रोक और शासन के निर्देशों का पालन कराने के उद्देश्य से पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।
पुलिस को देख भागा पति, महिला पर लाठी चलाने का आरोप
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही मांस बेच रहा व्यक्ति मौके से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद मौके पर मौजूद महिला और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी कहासुनी हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान कस्बा चौकी प्रभारी ने महिला पर लाठी चला दी। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में महिला की पीठ पर गंभीर चोट के निशान दिखाए जा रहे हैं, जिसके बाद से स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
बिना महिला पुलिसकर्मी के कार्रवाई का आरोप
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि जिस समय यह घटना घटी, मौके पर कोई भी महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा महिला के साथ इस तरह की बर्ताव किए जाने से लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। हालांकि, घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक दूसरा वीडियो भी सामने आ गया, जिसने मामले को और उलझा दिया है।
मारपीट से इनकार का 13 सेकंड का दूसरा वीडियो आया सामने
दूसरे 13 सेकंड के वायरल वीडियो में संबंधित महिला स्वयं यह कहती नजर आ रही है कि पुलिस ने उसके साथ कोई मारपीट नहीं की है और वह इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती है। स्थानीय लोगों और कुछ चर्चाओं के मुताबिक, यह दूसरा वीडियो पुलिस के दबाव में बनवाया गया हो सकता है। हालांकि, इस दावे की कोई स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
सकलडीहा क्षेत्राधिकारी ने बैठाई मामले की जांच
इस पूरे प्रकरण और सोशल मीडिया पर तैर रहे विरोधाभासी वीडियो पर सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने संज्ञान लिया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता की परख की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की उचित कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







