जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मनियारपुर गांव में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, गांव में पुलिस बल तैनात करके शांति बनाने की कोशिश

चंदौली जिले की सकलडीहा कोतवाली के मनियारपुर गांव में देर रात अराजकतत्वों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार सुबह जमकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।

 

मनियारपुर गांव में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त

आक्रोशित ग्रामीणों ने दिया धरना प्रदर्शन

तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात

17 फरवरी को होगी निर्णायक बैठक

अराजकतत्वों की जल्द होगी गिरफ्तारी

चंदौली जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मनियारपुर गांव में शुक्रवार की देर रात सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई। यहाँ अराजकतत्वों द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद शनिवार की सुबह क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Chandauli news Ambedkar statue vandalized, Chandauli khabar Maniyarpur protest news

देर रात अराजकतत्वों ने की तोड़फोड़
मनियारपुर गांव में वर्ष 2000 में ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित की थी। वर्तमान में प्रतिमा स्थल पर छत ढलाई और सुंदरीकरण का कार्य चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे तक ग्रामीण वहां मौजूद थे। संभावना जताई जा रही है कि इसके बाद आधी रात को अराजकतत्वों ने प्रतिमा का दाहिना हाथ तोड़ दिया। शनिवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा देखी, उनमें रोष व्याप्त हो गया।

तीन थानों की फोर्स ने संभाली स्थिति
बढ़ते विरोध प्रदर्शन की सूचना पाकर मौके पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश राम और छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषिकेश भारतीय भी पहुंच गए। भीड़ की बढ़ती संख्या और तनाव को देखते हुए सकलडीहा पुलिस के साथ-साथ बलुआ और धानापुर थाने की फोर्स को भी तैनात कर दिया गया। ग्रामीण क्षतिग्रस्त प्रतिमा की तत्काल मरम्मत और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और वहीं धरने पर बैठ गए।

प्रशासनिक हस्तक्षेप और आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कुंदन राज कपूर के निर्देश पर तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और आक्रोशित ग्रामीणों से लंबी बातचीत की। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि 17 फरवरी को ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें आगे की कार्रवाई और प्रतिमा की मरम्मत पर निर्णय लिया जाएगा।

थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाले दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*