लड़कियों को छेड़ने पर तगड़ा ए्क्शन, सकलडीहा पुलिस ने 2 मनचलों को किया गिरफ्तार
ऑपरेशन मजनूं के तहत दो शोहदे गिरफ्तार
कॉलेज और मंदिर मार्ग पर महिलाओं से करते थे अश्लील टिप्पणी
स्थानीय लोगों की सूचना पर की गई कार्रवाई
चंदौली जिले के थाना सकलडीहा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो मनचलों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और “ऑपरेशन मजनूं” अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
आपको बता दें कि अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना सकलडीहा पुलिस टीम ने शुक्रवार को कस्बा सकलडीहा स्थित पीजी कॉलेज परिसर और सम्मय माता मंदिर मार्ग (ग्राम नागेपुर) के पास से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
बताते चलें कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हाशीम पुत्र रज्जब अली (उम्र 28 वर्ष) और नसीम अली पुत्र अब्दुल खालिक (उम्र 37 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। ये दोनों महिलाओँ और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी करने, फब्तियां कसने और गाने गाने जैसी हरकतें करते थे, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश था।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सकलडीहा पर क्रमशः मुक़दमा अपराध संख्या 210/2025 व 211/2025, धारा 296 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक वरुणेन्द्र राय, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र प्रसाद यादव और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि “ऑपरेशन मजनूं” के तहत ऐसे मनचलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि महिलाओं और छात्राओं को भयमुक्त वातावरण मिल सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






